राज्य

शीतलहर की चपेट में दिल्ली, पंजाब और हरियाणा, कश्मीर में लोगों को मिली थोड़ी राहत

नई दिल्ली: भारत के मैदानी इलाकों में मौसम ने अचानकर करवट ले ली है। पहले दिल्ली फिर यूपी और बिहार के अधिकांश हिस्सों में कल हुई बारिश के बाद पारा गिर गया है। दिल्ली में तो शीतलहर के हालात बन गए हैं। वहीं, पंजाब और हरियाणा में ज्यादातर स्थानों पर शुक्रवार को कड़ाके की ठंड रही और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग की मौसम रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा में हिसार तेज ठंड की चपेट में है और वहां न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करनाल, रोहतक, गुरुग्राम, फतेहाबाद, पंचकूला और भिवानी में रात सर्द रही और न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.2 डिग्री सेल्सियस, 4.2 डिग्री, पांच डिग्री, 4.3 डिग्री, 4.8 डिग्री और 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में 4.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पंजाब में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 6 डिग्री, लुधियाना में 4.8 डिग्री, पटियाला में 2.8 डिग्री, रूपनगर में 4.8 डिग्री, फरीदकोट में 4.8 डिग्री, गुरदासपुर में 4.3 डिग्री और जालंघर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर में लोगों को ठंड से मिली थोड़ी राहत
कश्मीर की बात करें तो न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही शुक्रवार को लोगों को भीषण ठंड से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने बादल छाए रहने के कारण दिन में ठंड और रात में तापमान में बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जताया है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीती रात यहां तापमान शून्य से नीचे 9.6 डिग्री सेल्सियस था। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां बीती रात यह शून्य से नीचे 8.9 डिग्री सेल्सियस था। उन्होंने बताया कि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में तापमान शून्य से नीचे 3.3 डिग्री सेल्सियस और उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बादल छाए रहने के कारण दिन में ठंड और रात में तापमान में बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जताया है। दो और तीन जनवरी को कश्मीर में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा, चार से छह जनवरी के बीच भीषण हिमपात/ मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी बर्फबारी का भी अनुमान है।

दिल्ली में शीतलहर के हालात
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में लगभग दस दिन बाद फिर से शीतलहर की वापसी हुई है। दिल्ली के सफदरजंग में गुरुवार की सुबह न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जो कि सामान्य से चार डिग्री कम है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार की सुबह कोहरे भरी। इसके चलते दृश्यता का स्तर भी प्रभावित हुआ है। दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र में सुबह के समय दृश्यता का स्तर गिरकर 200 मीटर तक रह गया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा साफ हो गया और खिली हुई धूप निकल आई। मौसम विभाग का अनुमान है कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली हवा के चलते राजधानी दिल्ली में अभी दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। शुक्रवार के दिन भी न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस गिर सकता है।

Related Articles

Back to top button