स्पोर्ट्स

भारतीय यूथ महिला बीच हैंडबाल टीम ने रजत पदक के साथ हासिल किया विश्व चैंपियनशिप का टिकट

भारतीय सीनियर बीच महिला हैंडबाल टीम को मिला कांस्य पदक

लखनऊ : भारतीय यूथ महिला बीच हैंडबाल टीम ने बैंकाक (थाईलैंड) में गत 25 से 30 अप्रैल तक आयोजित द्वितीय एशियन महिला यूथ बीच हैंडबाल चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीतते हुए देश का परचम लहरा दिया। इस सफलता के चलते भारतीय यूथ टीम ने ग्रीस में होने वाली आगामी विश्व यूथ बीच हैंडबाल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई भी कर लिया। दूसरी ओर भारत की सीनियर महिला टीम ने इसी दौरान आयोजित आठवीं एशियन महिला बीच हैंडबाल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता।

भारतीय टीम की इस सफलता पर हैंडबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव डा.तेजराज सिंह सहित कार्यकारी निदेशक डा.आनन्देश्वर पाण्डेय (भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष) ने बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता हैंडबाल में बढ़ते भारत के दबदबे को दर्शाता है। महासचिव डा.तेजराज सिंह ने आगामी विश्व यूथ बीच हैंडबाल चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए भारतीय महिला यूथ हैंडबाल टीम को शुभकामनाएं दी। डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच इस सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए भारतीय खिलाड़ी बधाई के पात्र है। उन्होंने इस प्रदर्शन के लिए मुख्य कोच साई कृष्णा हतांगडी व कोच जियारुल रहमान मंडल को बधाई दी।

भारतीय यूथ महिला बीच हैंडबाल टीम ने द्वितीय एशियन महिला यूथ बीच हैंडबाल चैंपियनशिप में अपने पहले मैच में थाईलैंड को 2-0 से हराया था। इसके बाद भारतीय लड़कियों ने हांगकांग चाइना को 2-0 से हराया। इसके बाद भारतीय टीम को मेजबान थाईलैंड ने 2-0 से मात दी। भारत ने अपने अंतिम लीग मैच में हांगकांग-चाइना को 2-0 से हराया। इस प्रदर्शन के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर रही भारतीय टीम को रजत पदक के साथ विश्व यूथ बीच हैंडबाल चैंपियनशिप का टिकट मिला। इस चैंपियनशिप में थाईलैंड ने शीर्ष पर रहते हुए स्वर्ण पदक जीता था।

भारतीय महिला यूथ हैंडबाल टीम: अनुष्का अंकुश चव्हाण, जस्सी, संजना कुमारी, चेतना देवी, वंशिका मेहता, ईशा मजूमदार, मुख्य कोच: साई कृष्णा हतांगडी, कोच : जियारुल रहमान मंडल, मैनेजर : डा.सैयद रफत जुबैर रिजवी।

दूसरी ओर गत 25 से 30 अप्रैल तक बैंकाक में ही आयोजित आठवीं एशियन महिला बीच हैंडबाल चैंपियनशिप में भारत की सीनियर महिला बीच हैंडबाल टीम को कांस्य पदक मिला। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम अपने पहले मैच मे थाईलैंड के हाथों 0-2 से हार गयी। दूसरे मैच में भारत को वियतनाम ने 2-0 से, तीसरे मैच में थाईलैंड ने 2-0 से और चौथे मैच में वियतनाम ने 2-0 से हराया।

भारतीय सीनियर महिला बीच हैंडबाल टीम : बिथिका राभा, शेफाली दास, वैष्णवी चंद्रकांत जाधव, नताशा भगवान साहनी, सीमाबेन अश्विन भाई चौधरी, सिद्धि कृष्णा कौशिक, मानसी परब, रेखा अर्जुन कांबले, तान्या सिंह, मुख्य कोच : प्रियदीप सिंह, कोच : अजित एंथोनी गोम्स, विष्णुवर्द्धन बोधू।

Related Articles

Back to top button