बजट से पहले लगा महंगाई का झटका, LPG सिलेंडर के दाम 49 रुपए बढ़े; जानें क्या होगी नई कीमत

नई दिल्ली: केंद्रीय बजट से ठीक पहले आम आदमी को महंगाई का एक और झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 49 रुपये का इजाफा किया गया है, जो 1 फरवरी से लागू हो गया है। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दरों के मुताबिक दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की खुदरा कीमत बढ़कर 1,740.50 रुपये हो गई है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 1,691.50 रुपये की जगह 1,740.50 रुपये में मिलेगा। कोलकाता में इसके दाम 1,795 रुपये से बढ़कर 1,844.50 रुपये हो गए हैं। मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1,642.50 रुपये से बढ़कर 1,692 रुपये हो गई है, जबकि चेन्नई में यह 1,849.50 रुपये की जगह 1,899.50 रुपये में मिलेगा।
घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस श्रेणी में आखिरी बार कीमतों में संशोधन 8 अप्रैल 2025 को हुआ था। वर्तमान में दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 853 रुपये, कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये, चेन्नई में 868.50 रुपये, लखनऊ में 890.50 रुपये, अहमदाबाद में 860 रुपये और हैदराबाद में 905 रुपये में उपलब्ध है।



