राज्यहरियाणा

हरियाणा में रफ्तार पकड़ेगा इंफ्रास्ट्रक्चर: दिल्ली-कुंडली मेट्रो और RRTS कॉरिडोर को जल्द मिल सकती मंजूरी

चंडीगढ़। हरियाणा में शहरी परिवहन और कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली-कुंडली मेट्रो विस्तार परियोजना और दिल्ली-पानीपत-करनाल आरआरटीएस कॉरिडोर को लेकर सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। इन परियोजनाओं को मंजूरी के लिए आगामी 24 मार्च को होने वाली कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा।

कैबिनेट बैठक में पेश होगा अहम प्रस्ताव
दिल्ली-कुंडली मेट्रो परियोजना को औपचारिक स्वीकृति के लिए कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं दिल्ली-पानीपत-करनाल आरआरटीएस कॉरिडोर की संशोधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद मंत्रिमंडल के सामने रखा जाएगा।
इसके अलावा दिल्ली-बावल आरआरटीएस कॉरिडोर को पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड स्तर पर मंजूरी मिल चुकी है और यह फिलहाल केंद्र सरकार के पास विचाराधीन है।

यात्रियों की संख्या और राजस्व में बढ़ोतरी
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में मेट्रो सेवाओं का उपयोग करने वाले यात्रियों की संख्या करीब पौने दो करोड़ रही, जो पिछले वर्ष के लगभग डेढ़ करोड़ से अधिक है।
जनवरी तक किराया राजस्व में 12.64 प्रतिशत और गैर-किराया राजस्व में 108 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे परियोजनाओं की वित्तीय स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।

नई परियोजनाओं पर भी काम जारी
हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक चंद्र शेखर खरे ने बताया कि गुरुग्राम के सेक्टर-56 से पंचगांव तक मेट्रो विस्तार पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और लेआउट प्लान का अध्ययन जारी है।
सिही गांव के पास सेक्टर-36ए में मेट्रो डिपो के लिए स्थान को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो विस्तार परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता का आकलन किया जा रहा है और बहादुरगढ़-आसौधा कनेक्टिविटी के लिए नया अध्ययन शुरू किया गया है।

गुरुग्राम-फरीदाबाद कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती
गुरुग्राम-फरीदाबाद नमो भारत कॉरिडोर की अलाइनमेंट और स्टेशनों के स्थानों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
साथ ही गुरुग्राम शहर के भीतर प्रमुख आंतरिक मेट्रो कॉरिडोरों के लिए भी डीपीआर तैयार करने को मंजूरी दी गई है। इनमें 17.09 किलोमीटर लंबा भौंडसी-सुभाष चौक-राजीव चौक-सोहना चौक-रेलवे स्टेशन कॉरिडोर शामिल है, जिससे सोहना रोड क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को मिलेगा नया आयाम
इन परियोजनाओं के लागू होने से हरियाणा में शहरी परिवहन को नई दिशा मिलेगी। बेहतर कनेक्टिविटी के साथ-साथ यातायात दबाव कम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button