Iran War Update: रियाद में अमेरिकी दूतावास पर ड्रोन हमला, प्रिंस सुल्तान एयर बेस के पास 5 ड्रोन मार गिराए गए

रियाद। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर मंगलवार सुबह ड्रोन से हमला किया गया। हमले के कारण परिसर में हल्की आग लग गई, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि शुरुआती अनुमान के अनुसार रियाद में स्थित अमेरिकी दूतावास रियाद को ड्रोन से निशाना बनाया गया। घटना में इमारत को मामूली नुकसान हुआ है।
प्रिंस सुल्तान एयर बेस के पास 5 ड्रोन ढेर
प्रवक्ता के मुताबिक रियाद के दक्षिण में स्थित प्रिंस सुल्तान एयर बेस के पास पांच ड्रोन को मार गिराया गया। इसके अलावा दो ड्रोन के जरिए पूर्वी प्रांत में स्थित रास तनुरा ऑयल रिफाइनरी को निशाना बनाने की कोशिश की गई।
हालांकि, सुरक्षा बलों ने इन ड्रोन को भी निष्क्रिय कर दिया, लेकिन मलबा गिरने से रिफाइनरी परिसर में हल्की आग लग गई।
ट्रंप की चेतावनी, जवाबी कार्रवाई के संकेत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ड्रोन हमले को गंभीर बताते हुए कहा है कि अमेरिका जल्द ही इसका जवाब देगा।
हमले के बाद रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने रियाद और जेद्दा में रह रहे अमेरिकी नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। उन्हें दूतावास परिसर से दूर रहने और घरों के अंदर ही रहने की सलाह दी गई है।
मिडिल ईस्ट में ईरान से जुड़े तनाव के बीच इस हमले ने क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं और बढ़ा दी हैं।



