अन्तर्राष्ट्रीय

ख्वाजा आसिफ के बयान पर इजरायल का कड़ा ऐतराज, पाकिस्तान को दी सख्त चेतावनी

नई दिल्ली : ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर रहा पाकिस्तान एक नए विवाद में घिर गया है। लेबनान (Lebanon) में बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान ने इजरायल (Israel) को नाराज कर दिया है। इजरायल ने साफ तौर पर कहा है कि ऐसी टिप्पणियां किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएंगी।

दरअसल, ख्वाजा आसिफ ने हाल ही में लेबनान पर हुए हमलों को लेकर इजरायल पर नरसंहार का आरोप लगाया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए इजरायल को मानवता के लिए खतरा और “कैंसर” तक करार दिया। अपने बयान में उन्होंने गाजा, ईरान और लेबनान में हो रही हिंसा का जिक्र करते हुए इजरायल की कड़ी आलोचना की।

इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने तीखी नाराजगी जताई। बयान में कहा गया कि इजरायल के अस्तित्व को खत्म करने जैसी बातें पूरी तरह अस्वीकार्य हैं, खासकर ऐसे देश से जो खुद को शांति वार्ता में मध्यस्थ बताता है।

वहीं इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने भी आसिफ के बयान को यहूदी-विरोधी बताते हुए कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा किसी भी जिम्मेदार देश के लिए उचित नहीं है, खासकर तब जब वह शांति प्रक्रिया में भूमिका निभाने का दावा कर रहा हो। साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि इजरायल अपनी सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाता रहेगा।

इस बीच, बेंजामिन नेतन्याहू ने संकेत दिए हैं कि इजरायल जल्द ही लेबनान के साथ सीधी शांति वार्ता शुरू करने का इच्छुक है। गौरतलब है कि हाल ही में इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर बड़े हमले किए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की खबर है। उधर, लेबनान पर हमलों के बाद ईरान ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि इस तरह की कार्रवाई से किसी भी तरह की शांति वार्ता का महत्व कम हो जाता है।

Related Articles

Back to top button