मध्य प्रदेशराज्य

इंदौर सहित सभी 55 जिलों में चलेगा आज से जल गंगा संवर्धन अभियान

इंदौर : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज इंदौर से जलगंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ वर्ष प्रतिपदा यानी गुड़ी पड़वा से कर रहे हैं। साढ़े 3 माह तक इंदौर सहित प्रदेश के सभी 55जिलों में 30 जून तक यह महा अभियान चलेगा, जिसमें 18 विभाग शामिल रहेंगे। इंदौर में ही आज मुख्यमंत्री द्वारा 21.43 करोड़ रुपए के अमृत-2 योजना के तहत छोटा सिरपुर, लिम्बोदी, बिलावटी के साथ निपानिया तालाब का भी जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।

जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत वर्षों से उपेक्षित निपानिया तालाब का भी अब सौंदर्यीकरण हो सकेगा। क्षेत्र के पार्षद सुरेश कुरवाड़े के मुताबिक लगभग 2 करोड़ रुपए की राशि ड्रैनेज सिस्टम पर भी खर्च की जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र का पानी इस ड्रैनेज सिस्टम से ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचेगा। अभी ड्रैनेज का पानी भी निपानिया तालाब में मिलता रहा है, जिस पर अब रोक लगाई जा रही है। श्री कुरवाड़े के मुताबिक आज मुख्यमंत्री निपानिया तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन कर रहे हैं, जिस पर 1.77 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। तालाब किनारे पाथवे निर्माण, स्टोन पीचिंग, सुरक्षा के लिए रैलिंग, गजिबो का निर्माण, फैंसिंग, भव्य प्रवेश द्वार, लैंड स्कैपिंग के साथ बड़े पैमाने पर पौधारोपण भी किया जाएगा।

इससे पूरे निपानिया क्षेत्र में जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुताबिक आज मुख्यमंत्री उनकी विधानसभा सांवेर के निपानिया में स्थित स्कॉन मंदिर एवं निपानिया तालाब परिसर से ही राज्य स्तरीय जलगंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ कर रहे हैं। साढ़े 3 माह तक चलने वाला यह अभियान 30 जून को समाप्त होगा। सभी जिलों के कलेक्टरों को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा इस अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी भिजवा दिए हैं। शासन ने इस साल लगभग 2500 करोड़ रुपए के जल संवर्धन और संचयन से जुड़े निर्माण और वर्तमान जल संरचनाओं के विकास-विस्तार के कार्य कराने का संकल्प लिया है।

Related Articles

Back to top button