झारखण्ड

Jharkhand News: हज तैयारियों पर सरकार अलर्ट, डॉ. इरफान अंसारी आज सिविल सर्जनों के साथ करेंगे आपात बैठक

झारखंड में हज यात्रियों की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने स्वास्थ्य स्तर पर कमर कस ली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में राज्य कैबिनेट की बैठक से पहले स्वास्थ्य विभाग हज व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और झारखंड हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी आज यानी पांच फरवरी को राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ एक आपात और महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।

मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन पर होगा फोकस
यह बैठक सुबह 11 बजे आयोजित होगी, जिसमें हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। बैठक में स्वास्थ्य जांच, अनिवार्य टीकाकरण और उससे जुड़ी समय-सारणी पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

झारखंड से 1670 हज यात्रियों के जाने का प्रस्ताव
जानकारी के अनुसार इस वर्ष झारखंड से करीब 1670 हज यात्रियों के जाने का प्रस्ताव है। तय कार्यक्रम के अनुसार सात फरवरी तक सभी हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग पूरी करना अनिवार्य होगा, ताकि आठ फरवरी से वैक्सीनेशन की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के शुरू की जा सके।

स्वास्थ्य विभाग ने देरी को बताया संवेदनशील मुद्दा
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि मेडिकल स्क्रीनिंग, वैक्सीनेशन और वीजा प्रक्रिया आपस में जुड़ी और बेहद संवेदनशील हैं। इनमें किसी भी स्तर पर देरी होने से हज यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभागीय समन्वय को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

सिविल सर्जनों को मिलेंगे स्पष्ट और एकरूप निर्देश
बैठक में सभी सिविल सर्जनों को स्पष्ट और एक समान गाइडलाइन जारी करने की योजना है, ताकि जिलों में प्रक्रिया एकरूपता के साथ लागू हो सके। प्रत्येक जिले में जिला नोडल पदाधिकारी नामित किए जाएंगे, जो मेडिकल स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन कार्य की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि हज यात्रियों को जांच और टीकाकरण के दौरान प्राथमिकता, सहयोग और सम्मानजनक व्यवस्था मिले।

सरकार हज यात्रियों को देगी बेहतर और सुचारु सुविधाएं
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार हज पर जाने वाले हाजियों को बेहतर, सुचारु और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर हज यात्रियों को असुविधा या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगा।


Related Articles

Back to top button