झारखण्ड

झारखंड पुलिस को मिली मजबूती: हेमंत सोरेन ने 1485 वाहन को दिखाई हरी झंडी, 12 नए थानों का भी किया शिलान्यास

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को विधानसभा परिसर में आयोजित एक समारोह में झारखंड पुलिस को कुल 1485 आधुनिक वाहनों का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों में स्थापित होने वाले 12 नए थानों का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया।

रिमोट का बटन दबाकर उन्होंने नए थानों की आधारशिला रखी और हरी झंडी दिखाकर पुलिस के लिए आवंटित वाहनों को रवाना किया। इतना ही नहीं, मौके पर उन्होंने विभिन्न श्रेणियों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया।

इस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि सशक्त पुलिस, सुरक्षित जनता, झारखंड में कानून व्यवस्था को नई मजबूती देगी। 25 वर्षों में यह पहली बार है, जब एक साथ पुलिस को इतनी संख्या में वाहन मिले हैं। यह एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।

jharkhand police

शहर से लेकर गांवों तक शांति, कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी पुलिस की है। इन्हें सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक वाहनों का यह लोकार्पण एक महत्वपूर्ण उपलब्धित के रूप में दर्ज होगा। नए वाहनों की उपलब्धता से पुलिस बल की गतिशीलता, प्रतिक्रिया क्षमता व क्षेत्रीय निगरानी में बेतहर सुधार होगा। इसका परिणाम यह होगा कि घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध नियंत्रण, नागरिक सुरक्षा व पुलिस बल के आधुनिकीकरण के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि इन आधुनिक वाहनों व नए थानों की उपलब्धता से पुलिस की कार्यक्षमता, प्रतिक्रिया समय तथा क्षेत्रीय निगरानी तंत्र में गुणात्मक सुधार होगा। इससे आम जनता को त्वरित व विश्वसनीय सुरक्षा सेवाएं सुनिश्चित की जा सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में घटित घटनाओं पर झारखंड पुलिस ने कई मामलों में त्वरित व सार्थक कार्रवाई की है। इससे जनता का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने धुर्वा से दो नाबालिग बच्चों के अपहरण का उदाहरण दिया और कहा कि पुलिस के ईमानदार प्रयास व तत्परता से दोनों बच्चे सकुशल बरामद हुए और अंतरराज्यीय स्तर पर बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश भी हुआ।

पहले फेज में दिए गए हैं ये 1485 वाहन

झारखंड पुलिस के लिए राज्य सरकार ने कुल 1255 पेट्रोलिंग वाहन व 1697 दोपहिया वाहनों को स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृत वाहनों में से पहले फेज में ये 636 पेट्रोलिंग वाहन (महिंद्रा बोलेरो) व 849 दोपहिया वाहन (टीवीएस अपाची) विभिन्न जिलों एवं पुलिस थानों को आवंटित किए गए हैं। यानी कुल 1485 वाहन पहले फेज में दिए गए हैं। शेष वाहन भी जल्द दिए जाएंगे। यह आधुनिक वाहन बेड़ा गश्ती, क्विक रिस्पांस, ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी व आपराधिक गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 

CM Soren

नए वाहनों का उपयोग विशेष रूप से डायल 112, आपातकालीन सेवा के माध्यम से आम नागरिकों को समय पर सहायता पहुंचाने में किया जाएगा। राज्य में सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी होगी। प्रत्येक वाहनों में वायरलेस सेट व एमडीटी टैब स्थापित किए जाएंगे। इससे वाहनों का कमांड व कंट्रोल सेंटर से सीधा संपर्क बना रहेगा। इससे घटनास्थल पर संबंधित सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान संभव हो सकेगा।

समारोह में ये रहे मौजूद

मौके पर मुख्यमंत्री के साथ विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, संजय प्रसाद यादव, डा. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा व झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी व विभिन्न थानों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

जिलावार आवंटित वाहनों का ब्यौरा

जिला/इकाईबोलेरोअपाची
रांची8873
जमशेदपुर5189
बोकारो3953
चाईबासा4047
धनबाद4045
हजारीबाग2842
देवघर2839
गिरिडीह3239
पलामू3136
गढ़वा2129
गुमला2229
चतरा1922
दुमका2028
सिमडेगा1528
साहिबगंज1427
गोड्डा1733
सरायकेला1926
एचक्यूआरटी1442
लातेहार1815
लोहरदगा1419
रामगढ़1319
कोडरमा1421
खूंटी1412
जामताड़ा1418
पाकुड़1118
कुल636849

वर्तमान वित्तीय वर्ष में पल्सर, बुलेट व बस का भी हो चुका है वितरण

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 900 बजाज पल्सर, 50 रायल इनफील्ड हंटर बुलेट, पांच टाटा बस, छह जेसीबी, चार वाटर टैंकर, तीन कैदी वाहन, पांच रायट कंट्रोल व्हीकल का क्रय कर संबंधित जिलों को आवंटन किया जा चुका है। इसके अलावा चार बुलेट प्रूफ रक्षक वाहन, नौ महिंद्रा बोलेरो तथा तीन महिंद्रा स्कार्पियो वाहन का क्रय किया गया है, जिन्हें विभिन्न जिलों व इकाइयों को आवंटित किया जा चुका है।

पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन लिमिटेड के माध्यम से होंगे सभी 12 थानों के निर्माण

CM Soren (1)

मुख्यमंत्री ने जिन 12 आधुनिक थानों के निर्माण को लेकर आनलाइन शिलान्यास किया है, उनका निर्माण झारखंड पुलिस हाउसिंग कारपेारेशन लिमिटेड के माध्यम से किया जाएगा। ये थाने राज्य के 12 जिले दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गुमला, रांची, बोकारो, चतरा, देवघर, धनबाद, गढ़वा, गिरिडीह, हजारीबाग और पलामू में बनेंगे। ये जी प्लस 6 संयुक्त पुलिस स्टेशन होंगे। इनमें एएचटीयू थाना, साइबर थाना, एसटी/एससी थाना एवं महिला थाना को एक ही परिसर में स्थापित करने के लिए संयुक्त थाना भवन का निर्माण कराया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button