झारखण्ड

Jharkhand Weather: झारखंड में ठंड का तांडव! गुमला में पारा लुढ़क कर 8.8 डिग्री; जानें आने वाले दिनों में मौसम का हाल


रांची: झारखंड के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। इस दौरान गुमला शहर राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। राज्यभर में औसत न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

रांची में तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज
मंगलवार सुबह जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि खूंटी जिले में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। लोहरदगा और लातेहार में न्यूनतम तापमान क्रमश: 10.3 और 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि झारखंड की राजधानी रांची में तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटों की अवधि में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट है, जबकि पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रांची मौसम केंद्र के उप-निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि तापमान में गिरावट उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण हो रही है, जो झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर सक्रिय है। उन्होंने कहा, “अगले कुछ दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इसके बाद इसमें दो से चार डिग्री की वृद्धि हो सकती है।”

Related Articles

Back to top button