खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमवंती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में आयोजित विंटर कार्निवल में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया और छात्रों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया और छात्र संघ के नवनिर्वाचित सदस्यों को उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
भजन क्लंबिंग से संस्कृति और युवा चेतना का संगम
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस वर्ष छात्र संघ द्वारा पहली बार भजन क्लंबिंग जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, लोक परंपराओं और युवा चेतना का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस तरह के आयोजन यह साबित करते हैं कि उत्तराखंड का युवा आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से मजबूती से जुड़ा हुआ है। उन्होंने छात्र संघ की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने नेतृत्व क्षमता, संगठन शक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
खटीमा मेरे लिए घर और कर्मभूमि
धामी ने कहा कि खटीमा उनके लिए केवल विधानसभा सीट नहीं, बल्कि कर्मभूमि और पहचान है। उन्होंने कहा कि खटीमा की मिट्टी ने उन्हें सेवा का संस्कार दिया है और यही धरती है जहां से उन्होंने जनसेवा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने खटीमा में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। गदरपुर-खटीमा बाईपास, नौसर पुल और व्यापक सड़कों के नेटवर्क के निर्माण के साथ ही क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय और राष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम का निर्माण किया गया है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास में किए गए कदम
धामी ने बताया कि खटीमा में आधुनिक आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड का नया अस्पताल, “साथी केंद्र” और सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि खटीमा और टनकपुर के बीच भव्य सैन्य स्मारक का निर्माण जल्द शुरू होगा। पंतनगर में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के निर्माण की योजना पर भी कार्य शुरू किया जाएगा। राजकीय महाविद्यालय में एमकॉम और एमएससी की कक्षाएं प्रारंभ की गई हैं और जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में एकलव्य विद्यालय का संचालन भी शुरू किया गया है।
बेरोजगारी घटाई, पलायन रोका और रोजगार बढ़ाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब रोजगार सृजन में अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रदेश की प्रतिव्यक्ति आय में 17 गुना वृद्धि, सड़कों का दोगुना नेटवर्क और बिजली उत्पादन में चार गुना वृद्धि दर्ज की गई है। पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है, जिससे युवा अपने गांव लौट रहे हैं। बेरोजगारी दर में केवल एक वर्ष में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है।

कानून और सुरक्षा के लिए कठोर कदम
धामी ने कहा कि उनकी सरकार ने दंगारोधी और धर्मांतरण विरोधी कानून सख्ती से लागू किए। लैंड जिहाद के खिलाफ 11 हज़ार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को भूमाफियाओं से मुक्त कराया गया। 250 से अधिक अवैध मदरसों को सील किया गया और 500 से अधिक अवैध संरचनाओं पर बुलडोजर चलाया गया। ऑपरेशन कालनेमि के तहत सनातन धर्म को बदनाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
युवा सशक्त और भ्रष्टाचार मुक्त शासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने से 28 हज़ार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली। भ्रष्टाचार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत 200 से अधिक लोगों को सलाखों के पीछे भेजा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास के साथ परंपराओं की सुरक्षा और राष्ट्र, संस्कृति व समाज के खिलाफ ताकतों को जवाब देने का काम भी सरकार कर रही है।

शोक संवेदना और स्थानीय नेताओं की मौजूदगी
इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम सिंह जेठी की पत्नी, ढील्लू सिंह राणा और जशोधर भट्ट के निधन पर उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी एवं छात्र संघ के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।




