राष्ट्रीय

भारी बारिश के कारण गुजरात में अरविंद केजरीवाल की रैली रद्द, जानें यहां कैसा है मौसम का हाल

नई दिल्ली: गुजरात के चोटिला में आज आप नेता अरविंद केजरीवाल की होने वाली रैली भारी बारिश के कारण रद्द कर दी गई है। राज्य में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन और यातायात व्यवस्था को काफी प्रभावित कर रखा है। कई जगह पानी भरने से आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं।

मौसम विभाग के अनुसार गुजरात के 243 तालुकों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। वलसाड के कपराडा तालुका में सबसे ज्यादा 10.5 इंच से अधिक बारिश हुई है। इसके अलावा पोशिना में 6 इंच से अधिक, वलसाड के गढ़रामपुर में 5.5 इंच वर्षा दर्ज हुई है। राधनपुर और उमरगाम में 4.5 इंच से अधिक, भचाऊ, लखनी और तलोदा में 4 इंच से ज्यादा बारिश हुई है। पालनपुर में भी 4 इंच की वर्षा दर्ज की गई है। साणंद, कडी, बोटाद, संतालपुर और सतलासना में 3.5 इंच से अधिक बारिश की सूचना मिली है।

दांता, पडधारी, वाव, पाटन, पारडी, खेड़ब्रह्मा, भिलोदा, प्रांतिज, उमरपाड़ा सहित कई अन्य क्षेत्रों में 3 इंच से अधिक बारिश हुई है। इसके अलावा 16 से ज्यादा तालुकों में 2 इंच से 2.5 इंच के बीच बारिश दर्ज हुई है। अहमदाबाद शहर में भी 2 इंच बारिश हुई है। राज्य के 34 तालुकों में डेढ़ इंच से ज्यादा और 38 तालुकों में 1 इंच से अधिक बारिश दर्ज हुई है। कुल मिलाकर 107 तालुकों में सामान्य बारिश जारी है।

देश के अन्य हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश
गुजरात के साथ-साथ देश के कई अन्य राज्यों में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। घरों में पानी भरने के कारण लोग सुरक्षित स्थानों पर पलायन कर रहे हैं। राजधानी दिल्ली में भी यमुना नदी का जलस्तर खतरे के कगार पर पहुंच चुका है, जिससे सड़कों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है।

Related Articles

Back to top button