हरियाणा

मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना: गुरुग्राम में फ्लैट बुकिंग की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 6 फरवरी तक मिलेगा मौका

मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को बड़ी राहत दी गई है। गुरुग्राम जिले में फ्लैट बुकिंग की अंतिम तिथि को दो दिन के लिए बढ़ाकर अब 6 फरवरी कर दिया गया है। यह निर्णय ऐसे पात्र आवेदकों को अवसर देने के उद्देश्य से लिया गया है, जो अब तक बुकिंग प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे।

12,384 आवेदनों में से 4,728 पाए गए पात्र
योजना के नोडल अधिकारी एवं एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र से कुल 12,384 आवेदन प्राप्त हुए थे। पहले चरण की वेरिफिकेशन प्रक्रिया के बाद इनमें से 4,728 आवेदनों को पात्र घोषित किया गया है। केवल वही आवेदक फ्लैट बुकिंग के लिए योग्य हैं, जिन्हें इस चरण में पात्र पाया गया है।

1,500 पात्र आवेदकों ने अब तक नहीं कराई बुकिंग
एडीसी सोनू भट्ट के अनुसार पात्र आवेदकों को 10,000 रुपये की बुकिंग राशि और निर्धारित एफिडेविट 4 फरवरी तक जमा करना अनिवार्य था। हालांकि अब तक लगभग 1,500 पात्र आवेदकों ने बुकिंग प्रक्रिया पूरी नहीं की है। इसी को ध्यान में रखते हुए फ्लैट बुकिंग की अंतिम तिथि 6 फरवरी तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

समय पर बुकिंग नहीं करने पर आवेदन होंगे रद्द
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो आवेदक निर्धारित अंतिम तिथि तक बुकिंग राशि और एफिडेविट जमा नहीं करेंगे, उनके आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे। ऐसे आवेदकों को आगे की किसी भी प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button