अन्तर्राष्ट्रीय

London School Stabbing: 13 साल के छात्र ने दो बच्चों पर चाकू से किया हमला, काउंटर-टेररिज्म यूनिट कर रही जांच

नई दिल्ली। ब्रिटेन की राजधानी लंदन के उत्तर-पश्चिम इलाके में स्थित किंग्सबरी हाई स्कूल में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया। स्कूल परिसर के अंदर ही 13 साल के एक लड़के ने दो अन्य छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों घायल बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच अब काउंटर-टेररिज्म यूनिट को सौंप दी गई है।

घटना दोपहर करीब 12:40 बजे की है। शुरुआती सूचना में पुलिस को एक 13 वर्षीय छात्र के चाकू लगने की जानकारी मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचने पर पता चला कि 12 साल का एक और छात्र भी हमले में घायल हुआ है। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कुछ घंटों में संदिग्ध गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का आरोप
पुलिस के मुताबिक, हमलावर की उम्र भी करीब 13 साल है। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया था, लेकिन तलाशी अभियान के बाद कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। संदिग्ध को हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) के आरोप में हिरासत में रखा गया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।

डिटेक्टिव चीफ सुपरिंटेंडेंट ल्यूक विलियम्स ने पत्रकारों को बताया कि फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है और पुलिस को इस मामले में किसी और की संलिप्तता के संकेत नहीं मिले हैं।

काउंटर-टेररिज्म यूनिट क्यों कर रही है जांच?
हालांकि इस घटना को अब तक आतंकी हमला घोषित नहीं किया गया है, लेकिन परिस्थितियों को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी काउंटर-टेररिज्म पुलिस को दी गई है। यह यूनिट स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। डिटेक्टिव विलियम्स ने कहा कि हमले के मकसद को लेकर पुलिस सभी संभावनाओं पर खुला रुख अपनाए हुए है।

घटना के बाद स्कूल में छात्रों से विस्तृत पूछताछ की गई। शाम तक कई छात्र पुलिस के साथ बातचीत करते रहे, ताकि पूरे घटनाक्रम को समझा जा सके।

स्कूल और सरकार की प्रतिक्रिया
किंग्सबरी हाई स्कूल के हेडटीचर एलेक्स थॉमस ने अभिभावकों को भेजे पत्र में इस घटना को “गहरा सदमा देने वाली” बताया। स्कूल में करीब 2,000 छात्र पढ़ते हैं, जिनकी उम्र 11 से 18 वर्ष के बीच है। उन्होंने जानकारी दी कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन एहतियातन बुधवार को स्कूल के कुछ हिस्से बंद रहेंगे।

ब्रिटेन की शिक्षा मंत्री ब्रिजेट फिलिपसन ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि वे इस हमले से “दिल टूट गया” है और उनका विभाग स्कूल तथा स्थानीय काउंसिल के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि प्रभावित छात्रों और परिवारों को हरसंभव सहायता दी जा सके।

इस घटना ने एक बार फिर ब्रिटेन में स्कूल सुरक्षा और किशोर अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button