टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

महाराष्ट्र: शिंदे सरकार ने कर्नाटक के लिए बस सर्विस की रद्द, सीमा विवाद के चलते बढ़ी ‘आफत’

नई दिल्ली/मुंबई. जहां एक तरफ महाराष्ट्र और कर्नाटक सरकार (Maharashtra-Karnatka Border Tussle) के बीच सीमा विवाद अब और भी उलझता दिख रहा है। वहीं अब महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने आज यानी बुधवार को पुलिस के एक अलर्ट के मद्देनजर कर्नाटक के लिए अपनी सभी बस सेवाएं रद्द कर दी हैं।

मामले पर राज्य परिवहन विभाग ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि, यह कदम सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया है। बता दें कि, पुलिस को सूचना मिली थी कि मौजूदा सीमा विवाद के बीच कर्नाटक में बसों पर जबरदस्त हमला किया जा सकता है। इधर उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे) के कार्यकर्ताओं ने बीते मंगलवार को पुणे शहर के स्वरगेट इलाके में कर्नाटक राज्य परिवहन निगम की कम से कम तीन बसों पर काले और नारंगी रंग का पेंट छिड़क दिया था। साथ ही शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने इन बसों पर ‘जय महाराष्ट्र’ के नारे भी लिख दिए गए थे।

जानकारी दें कि, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने हाल ही में महाराष्ट्र के अक्कलकोट और सोलापुर में “कन्नड़ भाषी” क्षेत्रों के विलय की मांग की थी और यह भी कहा था कि सांगली जिले के जाट तालुका के कुछ गांव कर्नाटक में शामिल होना चाहते हैं।

हालांकि दोनों राज्यों के बीच सीमा विवाद का मुद्दा 1957 में भाषाई आधार पर राज्यों के पुनर्गठन के बाद ही शुरू हुआ था। वहीं महाराष्ट्र ने बेलगावी पर दावा किया, जो तत्कालीन बॉम्बे प्रेसीडेंसी का हिस्सा था क्योंकि इसमें मराठी भाषी आबादी का एक बड़ा हिस्सा है। इसी क्रम में कर्नाटक में बेलगावी जिला प्रशासन ने बीते सोमवार को महाराष्ट्र के दो मंत्रियों और नेताओं के शहर में प्रवेश पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था।

Related Articles

Back to top button