उत्तराखंडज्ञान भंडार

हल्द्वानी में चलते बस के टायर में आग, एसएसपी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

हल्द्वानी। अल्मोड़ा से दिल्ली जा रही रोडवेज बस के पिछले टायर में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई, लेकिन एसएसपी मंजुनाथ टीसी की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार करीब 12 यात्रियों की जान समय रहते बच गई।

टायर में आग और ड्राइवर को भनक नहीं

अल्मोड़ा डिपो की बस संख्या यूके 07 पीए 6128 अल्मोड़ा से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। सुबह पौने दस बजे जजी कोर्ट के पास से गुजरते समय बस के पिछले पहिए से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग का झोंका भी नजर आया। यात्रियों और राहगीरों ने घटना देखी, लेकिन चालक शिवराज बिष्ट को इसका पता नहीं चला।

एसएसपी ने गाड़ी का पीछा कर रुकवाई

इसी दौरान राउंड पर निकले एसएसपी मंजुनाथ टीसी की नजर बस पर पड़ी। उन्होंने पीछे से सरकारी गाड़ी से पीछा करते हुए डिग्री कॉलेज के पास ओवरटेक कर बस को रुकवा लिया। तुरंत नजदीकी पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र मंगाया गया और टायर पर गैस छिड़की गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने भी पानी डालकर आग पर काबू पाया।

यात्रियों की सुरक्षित निकासी

आग पर काबू पाते ही यात्रियों को नीचे उतारा गया और उन्हें दूसरी बस से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। एसएसपी की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

तकनीकी कारण और कानूनी मसला

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, टायर में आग ब्रेक शू के गर्म होने की वजह से लगी। तकनीकी जांच के बाद आग लगने का सही कारण सामने आएगा। वहीं जांच में पता चला कि बस का रोडवेज 2024 मॉडल होने के बावजूद टैक्स पिछले वित्तीय वर्ष तक ही जमा था और बीमा भी खत्म हो चुका था। रोडवेज की कई बसों का बीमा न होने से हादसे में क्लेम की राशि सरकार के कोष से भरनी पड़ती है।

Related Articles

Back to top button