हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में रविवार को बड़ा हादसा टल गया, जब गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से 21 श्रद्धालु बीच धारा में बने टापू पर फंस गए। समय रहते पुलिस और जल पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्नान के दौरान अचानक बढ़ा जलस्तर, टापू पर फंसे लोग
घटना उत्तरी हरिद्वार के कबीर कुटीर घाट, सप्तऋषि क्षेत्र की है, जहां पुरुष, महिलाएं और बच्चे गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ गया और सभी लोग बीच में बने टापू पर फंस गए। हालात बिगड़ते देख श्रद्धालुओं ने मदद के लिए पुकार लगाई।
पुलिस और जल पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही सप्तऋषि चौकी पुलिस और जल पुलिस के गोताखोर मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने सावधानीपूर्वक सभी लोगों को टापू से निकालकर सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।
दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के श्रद्धालु थे शामिल
शहर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा के अनुसार, रेस्क्यू किए गए लोगों में दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान से आए श्रद्धालु शामिल थे। कुल 21 लोगों में 10 पुरुष, 7 महिलाएं और 4 बच्चे थे, जिन्हें सकुशल बचा लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पुलिस की अपील: गंगा में स्नान के दौरान बरतें सावधानी
घटना के बाद पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय जलस्तर और बहाव का विशेष ध्यान रखें। नदी के बीच बने टापू या गहरे स्थानों पर जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




