
नई दिल्ली । पश्चिम बंगाल भाजपा के सह प्रभारी एवं भाजपा आईटी सेल के नेशनल हेड अमित मालवीय ने ममता बनर्जी सरकार पर भाजपा कार्यकर्ताओं को कोलकाता पहुंचने से रोकने का आरोप लगाते हए यह कहा है कि वो आखिर कितने लोगों को रोक पाएंगी। दरअसल, पश्चिम बंगाल सरकार पर घोटाले, लूट और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ भाजपा ने ‘नबान्न चलो अभियान’ का आह्वान किया है। मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता कोलकाता स्थित राज्य सचिवालय ( जिसे नबान्न के नाम से जाना जाता है ) की ओर मार्च कर अपना विरोध जताना चाहते हैं लेकिन इस बीच भाजपा ने राज्य सरकार पर उनके कार्यकर्ताओं को कोलकाता पहुंचने से रोकने का आरोप लगाया है।
पश्चिम बंगाल भाजपा के सह प्रभारी अमित मालवीय ने ट्वीट कर ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि अगर कुछ लोग उन्हें उनकी सरकार की सच्चाई बताने और उन्हें यह याद दिलाने के लिए कोलकाता आना चाहते हैं कि उनके परिवार के सदस्यों के साथ-साथ भरोसेमंद मंत्री से लेकर जिलाध्यक्ष तक भ्रष्टाचार के आरोप में अदालती कार्यवाही का सामना कर रहे हैं, तो ममता बनर्जी को समस्या क्यों होनी चाहिए ?
मालवीय ने आरोप लगाया कि एसएससी घोटाले, ममता बनर्जी की निगरानी में भ्रष्टाचार और लूट के खिलाफ बंगाल में भाजपा के ‘नबान्न चलो अभियान’ को मिल रहे भारी समर्थन से घबराई सरकार स्थानीय राज्य प्रशासन को मजबूर कर रही है कि वो भाजपा कार्यकर्ताओं को कोलकाता आने से रोके। मालवीय ने सरकार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि आखिर ममता बनर्जी कितने लोगों को रोक पाएगी ?
आपको बता दें कि, इस अभियान को लेकर भाजपा पिछले दो सप्ताह से तैयारी कर रही है। भाजपा ने इसे लेकर प्रदेश के 41 जिलों में 4,158 जगह पर कार्यक्रम किए, जिसमें 3.75 लाख से भी ज्यादा लोग जुड़े । इस अभियान को लेकर प्रदेश में 1,411 रैलियां की गईं, जिसमें 4.34 लाख से ज्यादा लोग जुड़े। इसके अलावा बड़े पैमाने पर भाजपा ने राज्य में वॉल राइटिंग, पोस्टर और पैम्फलेट्स द्वारा भी इस अभियान का जोर-शोर से प्रचार किया।