अन्तर्राष्ट्रीय

जापान: बीच भाषण शिंजे आबे को शख्स ने मारी गोली, हालत नाजुक, दिल ने काम करना किया ‘बंद’

नई दिल्ली/तोक्यो. आज जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर पश्चिमी जापान में एक चुनावी कार्यक्रम में भाषण के दौरान गोली चलायी गयी। वहीं गोली लगने के बाद आबे को दिल का दौरा (हार्ट फेलियर) पड़ा और उन्हें फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसा भी कहा जा रहा है कि उनके दिल ने काम करना बंद कर दिया है। साथ ही उन्हें सांस भी नहीं आ रही है। फिलहाल उनको दूसरे हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है।

हार्ट फेलियर, खतरे में ज़िन्दगी

दरअसल आबे को गोली लगने के बाद उनका काफी खून निकल गया था। वहीं मिली जानकारी के मुताबिक, गोली लगने के बाद शिंजो आबे को दिल का दौरा भी पड़ गया था। फिलहाल एक संदिग्ध हमलावर को हिरासत में लिया गया है। अब जापान के मौजूदा प्रधानमंत्री फुमिओ किशिदा उस हॉस्पिटल (Nara Medical University Hospital) में पहुचने को हैं, जहां शिंजो आबे भर्ती हैं।

गौरतलब है कि शिंजो आबे पर यह हमला नारा शहर में हुआ। तब वह भाषण दे रहे थे। अचानक से तभी आबे नीचे गिर गये। उनको शरीर से खून भी निकल रहा था। शिंजो आबे के अचानक ऐसे गिरने से वहां मौजूद लोगों को पहले तो कुछ समझ नहीं आया। लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां गोली चलने जैसी कुछ आवाज सुनी थी।

इसके साथ ही NHK ने घटना का एक फुटेज प्रसारित किया है, जिसमें 67 वर्षीय आबे को सड़क पर गिरते हुए देखा जा सकता है और कई सुरक्षाकर्मी उनकी ओर भागते हुए देखे जा सकते हैं। आबे जब जमीन पर गिरे तो उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था तथा उनकी कमीज पर खून लगा हुआ देखा गया। आबे को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। NHK ने बताया कि पुलिस ने हत्या की कोशिश के संदेह पर घटनास्थल पर ही एक व्यक्ति को पकड़ लिया।

बताया जाता है कि आबे संसद के ऊपरी सदन के लिए रविवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर एक चुनावी कार्यक्रम में भाषण देने नारा गए हुए थे और वह भाषण दे रहे थे जब लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। आज दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में यह हमला हैरान करने वाला है। जापान में बंदूक नियंत्रण के कानून भी सख्ती से लागू हैं।

गौरतलब है कि आबे ने 2020 में यह कहते हुए प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था कि उनकी एक पुरानी बीमारी फिर से उभर आयी है। उन्होंने उस समय पत्रकारों से कहा था कि अपने कई लक्ष्यों को अधूरा छोड़ना उनके लिए ‘‘परेशान करने वाली बात” है। उन्होंने वर्षों पहले उत्तर कोरिया द्वारा अगवा किए गए जापानी नागरिकों के मुद्दे, रूस के साथ क्षेत्रीय विवाद और जापान के युद्ध त्यागने वाले संविधान के संशोधन के मुद्दों को हल करने में अपनी नाकामी की बात की थी।

वहीं जापान में अमेरिका के राजदूत रैम एमैनुअल ने आबे को गोली मारे जाने की घटना पर दुखी और हैरानी जतायी। उन्होंने कहा, “आबे जापान के एक उत्कृष्ट नेता और अमेरिका के मजबूत सहयोगी रहे हैं। अमेरिकी सरकार और लोग आबे, उनके परिवार और जापान के लोगों की कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।”

Related Articles

Back to top button