राज्यराष्ट्रीय

मणिपुर के दरिदों की धरपकड़ जारी, गिरफ्त में एक और आरोपी; बड़े स्तर पर चल रहा तलाशी अभियान

इम्फाल : मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न घुमाने के भयावह मामले में मणिपुर पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो में देखे जा रहे एक दर्जन संदिग्धों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर छापेमारी जारी है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा है कि वह व्यक्तिगत रूप से तलाशी अभियान की निगरानी कर रहे हैं। मामले में संलिप्तता को लेकर मुख्य आरोपी हुइरेम हीरोदास मैतेई समेत चार अन्य को कल तक गिरफ्तार कर लिया गया। अब इस कड़ी में एक और आरोपी गिरफ्तार किया गया है। इस बीच पेची गांव की महिलाओं ने कल एक संदिग्ध के घर में आग लगा दी थी।

राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के लोग महिलाओं का सम्मान करते हैं और उन्हें ‘माता के समान’ मानते हैं, लेकिन जिन उपद्रवियों ने मई में आदिवासी महिलाओं पर हमला कर उन्हें निर्वस्त्र किया, उन्होंने राज्य की ‘छवि को धूमिल’ किया है। सिंह ने कहा, ‘‘मणिपुर के लोग महिलाओं को माता के समान मानते हैं, लेकिन कुछ बदमाशों ने यह हरकत की तथा हमारी छवि को धूमिल किया। हमने इस घटना की निंदा करने के लिए राज्यभर में घाटी एवं पहाड़ी दोनों ही क्षेत्रों में विरोध का आह्वान किया हैं।’’

इससे पहले मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना को लेकर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन तेज होने के बीच इस मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों को 11 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि थोउबल जिले की एक अदालत ने चारों आरोपियों को 31 जुलाई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मणिपुर में लगभग एक हजार लोगों की हथियारबंद भीड़ ने कांगपोकपी जिले के एक गांव पर हमला किया और मकानों में लूटपाट की, उनमें आग लगाई, हत्या की तथा दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया।

इन महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने का वीडियो सामने आने के बाद पूरा देश आक्रोशित है और घटना के विरोध में जगह जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इस मामले में 21 जून को एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें आदिवासी महिलाओं के अपहरण और उनसे शर्मनाक बर्ताव से पहले हुए जुल्म की दास्तां का उल्लेख है।

दो आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने और छेड़छाड़ का यह वीडियो बुधवार को सामने आया था। इसकी देशभर में निंदा की गई। इस मामले में चार आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि आक्रोशित भीड़ ने शुक्रवार दोपहर एक अन्य संदिग्ध के थोउबल जिले में वांगजिंग स्थित घर को जला दिया जिसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘संदिग्ध को अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। यह पता चलने पर कि पुलिस उसकी तलाश कर रही है, वह फरार हो गया।’’ इस मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के कुछ घंटों बाद बृहस्पतिवार को उसका मकान आग के हवाले कर दिया गया था। पुलिस ने बताया कि वीडियो में वह बी फाइनोम गांव में भीड़ को निर्देश देते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

Related Articles

Back to top button