यूपी स्थापना दिवस पर अमित शाह समेत कई भाजपा नेताओं ने दी शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और राज्य के निरंतर विकास की कामना की।
अमित शाह ने प्रदेशवासियों को दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा,
“उत्तर प्रदेश के सभी भाइयों-बहनों को प्रदेश के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। सनातन संस्कृति की अमूल्य विरासत से सिंचित, गंगा-यमुना की पावन और उर्वर भूमि उत्तर प्रदेश वह धरती है, जिसने राष्ट्र को संस्कृति, साधना, शक्ति और संकल्प के मार्ग पर सदैव अग्रसर किया है। आज डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश के सदैव प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की कामना करता हूं।”
विनोद तावड़े ने बताया यूपी को राष्ट्रचेतना का केंद्र
भाजपा नेता विनोद तावड़े ने अपने संदेश में लिखा, “अध्यात्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं की पुण्यभूमि उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भारत की सभ्यता, संस्कार और राष्ट्रचेतना को दिशा देने वाला उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन और आत्मविश्वास का सशक्त प्रतीक बनकर उभरा है।”
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी का संदेश
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनसंख्या के आधार पर देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करे, यही कामना है।
‘डबल इंजन सरकार से नई उड़ान’: पंकज चौधरी
उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश इतिहास, विरासत और आधुनिक विकास की संगम-भूमि है। डबल इंजन सरकार के साथ तेज रफ्तार में आगे बढ़ता प्रदेश, जहां सुरक्षा है, सुशासन है और सपनों को नई उड़ान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में नया उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर, सशक्त और भविष्य के लिए तैयार है।”
नंद गोपाल नंदी ने गिनाईं उपलब्धियां
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं गौरवशाली इतिहास की पावन भूमि उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। अपनी गौरवशाली विरासत को संजोए उत्तर प्रदेश आज जन-जन के अटूट विश्वास एवं सुदृढ़ नीतियों के चलते विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।”
वैश्विक स्तर पर मनाया जा रहा यूपी स्थापना दिवस
राज्य सरकार उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस को वैश्विक स्तर पर मना रही है। मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, ‘यूपी दिवस’ का मुख्य कार्यक्रम लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया जाएगा। जिला स्तर पर मंत्री और अधिकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
यूपी गौरव सम्मान और अंतरराष्ट्रीय आयोजन
गांव, ब्लॉक और राज्य स्तर पर आयोजित कला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पांच ऐसे लोगों को ‘उत्तर गौरव सम्मान’ दिया जाएगा, जिन्होंने राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम योगदान दिया है। मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि देश की विभिन्न राजधानियों में यूपी महोत्सव आयोजित किए जाएंगे। दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में विभिन्न देशों के राजदूत शामिल होंगे, जबकि विदेशों में भी वहां रहने वाले उत्तर प्रदेश के प्रवासी भारतीयों के बीच आयोजन किए जाएंगे।



