उत्तराखंडराज्य

सैन्य सम्मान के साथ किया गया शहीद नायक हरेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार

लैंसडौन। जम्मू कश्मीर के पुंछ में आंतकियो के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए नायक हरेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार मंगलवार को रिखणीखाल के पीपल सारी गांव में उनके पैतृक घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। हरेंद्र सिंह के सात वर्षीय पुत्र ने चिता को मुखाग्नि दी। हरेंद्र की शहादत की खबर से पूरे गांव में गमगीन माहौल रहा। वहीं उनके परिवार जनों का रो- रोकर बुरा हाल है। मंगलवार प्रातः प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रिखणीखाल से उनका पार्थिव शरीर उनके गांव पीपलसारी पहुंचा। शहीद हरेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा देख उनके परिवारजनों में उनके पिता छवान सिंह रावत, माता सरोजनी देवी,पत्नी लता देवी और 11 वर्षीय पुत्री आकांक्षी फुट फुट कर रोने लगी। वहीं शहीद की अंतिम यात्रा में ग्रामवासियों का हुजूम उमड़ पड़ा। क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

वहीं सोमवार शाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल , लैंसडौन विधायक महंत दलीप सिंह रावत सहित जनप्रतिनिधियों ने शहीद को पुष्प चक्र अर्पित किए और परिवारजनों को ढाढ़स बंधाते हुए कहा कि देश के रक्षा के लिए शहीद की शहादत और बलिदान को याद रखा जाएगा। जो कि व्यर्थ नहीं जाएगी। हमे अपने देश के शहीदों पर गर्व है। रविवार को शहीद का पार्थिव शरीर जौलीग्रांट हवाई अड्डे से सेना के विशेष विमान से लैंसडौन लाया गया था। सोमवार सुबह से अत्यधिक वर्षा के कारण शहीद का पार्थिव शरीर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रिखणीखाल में रखा गया था।

पीपलसारी गांव का रास्ता खराब होने और अत्यधिक वर्षा के कारण मंगलवार को शहीद हरेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर एडीएम इला, उपजिलाधिकारी स्मृति परमार, विधायक दलीप रावत, गढ़वाल राइफल के कर्नल विवेक मिश्रा, नायाब तहसीलदार हरीश जोशी, राजस्व उप निरीक्षक ज्योति मंजेरा, थाना अध्यक्ष, राजस्व निरीक्षक ,कवींद्र इष्टवाल, मनीष सुंदरियाल, राजपाल बिष्ट, राजेन्द्र भंडारी, रघुवीर विष्ट, पूर्व प्रमुख पिंकी नेगी, जिला पंचायत सदस्य शालिनी बलोधी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश देवरानी, ब्लॉक प्रमुख मनोहर देवरानी ,ग्राम प्रधान अनुज आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button