उत्तर प्रदेशलखनऊ

जूनियर डॉक्टरों के सामने मास्क व सैनिटाइजर का संकट, अपनी जेब से रहे खरीदे

अलीगढ़ (देवव्रत): अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों के लिये जरूरी सुरक्षात्मक उपकरणों की खासी किल्लत है। जूनियर डॉक्टरों ने इस पर चिंता व्यक्त की है। मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. शाहनवाज इकबाली ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज उत्तर प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण के परीक्षण और इलाज के प्रमुख केन्द्रों में शुमार है।

यहां स्वास्थ्यकर्मियों के लिये सर्जिकल मास्क और सैनिटाइजर तथा अन्य सुरक्षात्मक उपकरणों की गम्भीर किल्लत है। इसे कतई नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आवश्यकता की तात्कालिकता को देखते हुए रेजिडेंट डॉक्टरों ने अपने जेब से और कुछ अन्य लोगों से चंदा करके पिछले चार दिनों के दौरान करीब एक लाख रुपये के सुरक्षात्मक उपकरण खरीदे हैं।

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. हमजा मलिक ने बताया कि जब अस्पताल में सुरक्षात्मक उपकरणों की किल्लत अपने चरम पर पहुंच गयी तो जूनियर डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। हालांकि एएमयू के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर के समस्या निवारण के आश्वासन पर ऐसा नहीं किया गया।

Related Articles

Back to top button