उत्तर प्रदेश

मायावती ने जारी की बसपा की तीसरी लिस्ट, मथुरा से बदला कैंडिडेट, लखनऊ समेत यूपी के 12 और नामों का ऐलान

लखनऊ: मायावती ने लोकसभा चुनाव के लिए यूपी के प्रत्याशियों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 12 प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है। मथुरा से टिकट बदल दिया गया है। इससे पहले बसपा 25 प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। इस तरह बसपा यूपी की 80 में से अब तक 36 नामों का ऐलान कर चुकी है। बुधवार को जिन लोगों के नामों का ऐलान किया उनमें गाजियाबाद से नन्दकिशोर पुंडीर, अलीगढ़ से हितेन्द्र कुमार उर्फ बन्टी उपाध्याय, मथुरा से सुरेश सिंह को उतारा गया है। यहां कमलकांत उपमन्यु को पहले टिकट दिया गया था। इसी तरह मैनपुरी से डा. गुलशन देव शाक्य, खीरी से अंशय कालरा रॉकी, उन्नाव से अशोक कुमार पाण्डेय, मोहनलालगंज से राजेश कुमार उर्फ मनोज प्रधान को उतारा गया है। राजधानी लखनऊ और कन्नौज में मुस्लिम प्रत्याशी दिए गए हैं। लखनऊ से सरवर मलिक और कन्नौज से इमरान बिन जफर को टिकट दिया है। कौशाम्बी से शुभ नारायण, लालगंज से डा. इन्दू चौधरी और मिर्जापुर से मनीष त्रिपाठी को उतारा गया है।

बुधवार को घोषित उम्मीदवारों में चार सवर्णों को टिकट दिया गया है, इसमें तीन ब्राह्मण हैं। उन्नाव से अशोक कुमार पांडेय, अलीगढ़ से हितेंद्र कुमार बंटी उपाध्याय और मिर्जापुर से मनीष त्रिपाठी को उम्मीदवार घोषित किया गया है। गाजियाबाद से नंद किशोर पुंडीर, मथुरा से पहले कमल कांत उपमन्यू को उम्मीदवार बनाया गया था अब उनके स्थान पर सुरेश सिंह को टिकट दिया गया है।

मैनपुरी से डा. गुलशन देव शाक्य, खीरी से अंशय कालरा रॉकीजी को उम्मीदवार बनाया गया है। अंशय कालरा को पहले गाजियाबाद लोकसभा का प्रभारी घोषित किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें खीरी से उम्मीदवार बनाया गया। मोहनलालगंज सुरक्षित सीट से राजेश कुमार उर्फ मनोज प्रधान, लखनऊ से सरवर मलिक, कन्नौज से इमरान बिन जफर, कैशांबी सुरक्षित से शुभ नारायण, लालगंज सुरक्षित से डा. इंदू चौधरी को उम्मीदवार घोषित किया गया है।

राजनाथ सिंह के खिलाफ लखनऊ में मुस्लिम उम्मीदवार सरवर मलिक को उतारा है। सरवर मलिक 2022 का विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। उनकी पत्नी शाहीन बानों को बहुजन समाज पार्टी ने मेयर प्रत्याशी बनाया था। पिछले हफ्ते बसपा ने कुछ घंटे के अंतराल पर यूपी के लिए दो लिस्ट जारी की थी। पहली सूची में 16 लोगों के नाम थे जबकि दूसरी सूची में 9 लोगों के नामों का ऐलान किया गया था। नौ लोगों में 4 SC, 2 ब्राह्मण और 3 OBC को प्रत्याशी बनाया गया था। मायावती ने कानपुर से कुलदीप भदौरिया, आगरा से पूजा अमरोही और मथुरा से कमलकांत को टिकट दिया था। हाथरस से हेमबाबू धनगर, फतेहपर सीकरी से राम निवास शर्मा, फिरोजाबाद से सतेंद्र जैन सौली, इटावा से सारिका सिंह बघेल, अकबरपुर से राजेश कुमार द्विवेदी और जालौन से सुरेश चंद्र गौतम को मैदान में उतारा था।

36 में से 9 मुस्लिम चेहरे
बसपा की पहली सूची में 16 नामों का ऐलान किया गया था। इसमें सात मुस्लिम चेहरे थे। दूसरी सूची में कोई मुस्लिम नहीं था। आज तीसरी सूची में दो मुस्लिम प्रत्याशियों पर दांव लगाया गया है। लखनऊ से सरवर मलिक और कन्नौज से इमरान बिन जफर को उतारा गया है। इसके अलावा रामपुर से जीशान खां, सहारनपुर से माजिद अली और मुरादाबाद से इरफान सैफी, संभल से शौलत अली, अमरोहा से मुजाहिद हुसैन, आंवला से आबिद अली, पीलीभीत से अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू को मायावती ने उतारा है।

Related Articles

Back to top button