टॉप न्यूज़

पशुपालन और डेयरी क्षेत्र के लिए भुवनेश्वर में होगी बैठक

नई दिल्ली (दस्तक ब्यूरो) : 13 सितंबर 2024 को ओडिशा के भुवनेश्वर में लोक सेवा भवन के कन्वेंशन सेंटर में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी तथा पंचायती राज मंत्री श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पशुपालन और डेयरी क्षेत्र के लिए मानसून बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में ओडिशा के मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण मांझी और विशेष अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री श्रीमती पार्वती परिदा शामिल होंगी। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पशुपालन मंत्री संबंधित अधिकारियों के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

आपको बता दें कि 2014-15 से 2022-23 तक पशुधन क्षेत्र 9.82 प्रतिशत की उल्लेखनीय चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर से बढ़ा है। कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में सकल मूल्य वर्धन में इसका योगदान काफी हद तक बढ़ा है, जो 24.36 प्रतिशत से बढ़कर 30.22 प्रतिशत हो गया है। 2022-23 में, इस क्षेत्र ने कुल सकल मूल्य वर्धन में साढ़े पांच प्रतिशत का योगदान दिया, जो अर्थव्यवस्था में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्पष्ट करती है।

देश का दूध उत्पादन पिछले नौ वर्षों में 57.62 प्रतिशत बढ़ा है, जो 2014-15 में 146.3 मिलियन टन से बढ़कर 2022-23 में 230.60 मिलियन मीट्रिक टन हो गया है। यह वृद्धि दर औसतन 5.9 प्रतिशत सालाना है, जो वैश्विक औसत 2 प्रतिशत से कहीं अधिक है। इसके अलावा प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता 2013-14 में 307 ग्राम प्रति दिन से बढ़कर 2022-23 में 459 ग्राम प्रति दिन हो गई है, जो 325 ग्राम के विश्व औसत को पार कर गई है। ये सभी उपलब्धियाँ पशुधन क्षेत्र को “सूर्योदय क्षेत्र” में ले जाती हैं।

Related Articles

Back to top button