उत्तर प्रदेशमथुराराज्य

पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए दिए डायरिया से बचाव के संदेश

पीएसआई इंडिया व केनव्यू के सहयोग से प्रतियोगिता आयोजित
कृष्णा पहले, मयंक दूसरे और दिव्या रानी तीसरे स्थान पर रहीं
बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ओआरएस व जिंक का वितरण

मथुरा : ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत सोमवार को स्थानीय सुभाष इंटर कॉलेज में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गयी। डायरिया के प्रति जागरूकता के लिए इस मौके पर रोल प्ले का भी आयोजन किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक रवीन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में 42 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें कक्षा-सात के कृष्णा पहले, कक्षा-सात के ही मयंक दूसरे और कक्षा -11 की दिव्या रानी तीसरे स्थान पर रहीं। कक्षा-आठ की कुमारी तनु को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। रोल प्ले में कक्षा-11 की वीनू और अलका अव्वल रहीं। इस मौके पर छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य डॉ. मनवीर सिंह ने किया।

इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने डायरिया रोकथाम और प्रबन्धन के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डायरिया की चपेट में कई कारणों से बच्चे आ सकते हैं, जैसे- दूषित जल पीने से, दूषित हाथों से भोजन बनाने या बच्चे को खाना खिलाने, खुले में शौच करने या बच्चों के मल का ठीक से निस्तारण न करने आदि से। इसलिए शौच और बच्चों का मल साफ़ करने के बाद, भोजन बनाने और खिलाने से पहले हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह अवश्य धुलें। माताएं छह माह से ऊपर के बच्चों को स्तनपान कराती रहें और हमेशा साफ़-सुथरा पानी ही पिलायें। छह माह से कम उम्र के बच्चों को स्तनपान के अलावा बाहरी कोई भी चीज न दें यहाँ तक कि पानी भी नहीं। इस अवस्था में बाहरी चीज देने से संक्रमण का जोखिम बना रहता है। मां के दूध में बच्चे की जरूरत के मुताबिक़ पानी की मात्रा होती है, इसलिए बाहर से पानी न पिलाएं।

पीएसआई इंडिया की सीनियर मैनेजर कोमल घई ने “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने 45 बच्चों की सामान्य जांच (वजन आदि) करने के साथ ही ओआरएस, जिंक, कैल्सियम और आयरन का भी वितरण किया। इस अवसर पर पीएसआई इंडिया से अजय कुमार, चोब सिंह, आरकेएसके काउंसलर अमर गोपाल, अनुभा – एएनएम, फार्मासिस्ट जितेंद्र सिंह और आशा लक्ष्मी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से शिक्षक राजेस्वर सिंह चौहान, शैलेंद्र सिंह, राजेश कुमार, सीपी चौधरी, शालिनी शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button