
पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए दिए डायरिया से बचाव के संदेश
उच्च प्राथमिक विद्यालय, सिंधूपुर, कंपोजिट, बिछिया में आयोजित प्रतियोगिता में 37 बच्चों ने लिया भाग, पल्लवी पहले, अंशिका व श्रेया दूसरे और आदित्य तीसरे स्थान पर रहे
उन्नाव : ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत सोमवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय, सिंधूपुर, कंपोजिट, बिछिया में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) के सहयोग से पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गयी। सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी सतीश चन्द्र पांडे की अध्यक्षता में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में 37 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें कक्षा-सात की पल्लवी पहले, कक्षा- चार की अंशिका एवं कक्षा- छह की श्रेया दूसरे और कक्षा-छह के आदित्य तीसरे स्थान पर रहे। स्वाति, लक्ष्मी, निर्मल और पायल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कक्षा-सात के गौरव को पहला एवं अनुज को दूसरा और कक्षा-छह के यश को तीसरा पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य प्रज्ञा शुक्ला ने किया।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) मनीषा शर्मा ने डायरिया रोकथाम और प्रबन्धन के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि डायरिया की चपेट में कई कारणों से बच्चे आ सकते हैं, जैसे- दूषित जल पीने से, दूषित हाथों से भोजन बनाने या बच्चे को खाना खिलाने, खुले में शौच करने या बच्चों के मल का ठीक से निस्तारण न करने आदि से। इसलिए शौच और बच्चों का मल साफ़ करने के बाद, भोजन बनाने और खिलाने से पहले हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह अवश्य धुलें। माताएं छह माह से ऊपर के बच्चों को स्तनपान कराती रहें और हमेशा साफ़-सुथरा पानी ही पिलायें। छह माह से कम उम्र के बच्चों को स्तनपान के अलावा बाहरी कोई भी चीज न दें यहाँ तक कि पानी भी नहीं। इस अवस्था में बाहरी चीज देने से संक्रमण का जोखिम बना रहता है। मां के दूध में बच्चे की जरूरत के मुताबिक़ पानी की मात्रा होती है, इसलिए बाहर से पानी न पिलाएं।

पीएसआई इंडिया के गजेंद्र सिंह ने बताया कि ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम उन्नाव समेत प्रदेश के 13 जनपदों में चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर शहरी स्वास्थ्य केंद्र के फार्मासिस्ट विकास ने छात्र-छात्राओं को रोटावायरस के वैक्सीन के बारे में विस्तार से बतायाI इस अवसर पर पीएसआई इंडिया से अशरफ हुसैन और आशा मीरा एवं सरोजनी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से शिक्षिका कृति त्रिपाठी, रचना गौतम, रश्मि कुमार , सुषमा वर्मा , सावित्री देवी, दीपिका एवं अर्चना देवी आदि मौजूद रहीं।



