
बाल गृह में पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए दिए डायरिया से बचाव के संदेश
नीतीश पहले, तरुण दूसरे और सोनू तीसरे स्थान पर रहे
स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ओआरएस व जिंक का वितरण
फ़िरोज़ाबाद : ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत बृहस्पतिवार को स्थानीय राजकीय बाल गृह सुहागनगर में स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गयी। डायरिया के प्रति जागरूकता के लिए एक मैजिक शो का भी आयोजन जादूगर रवीद्र द्वारा किया गया। बाल गृह अधीक्षक रवि खान की अध्यक्षता में आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में 40 बच्चों ने भाग लिया, जिसमें कक्षा-10 के नीतीश पहले, कक्षा- नौ के तरुण दूसरे और कक्षा –छह के सोनू तीसरे स्थान पर रहे। कक्षा-आठ के गोपाल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। रोल प्ले में पांच छात्रों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

इस मौके पर डायरिया रोकथाम और प्रबन्धन के बारे में विस्तार से बताया गया। जादूगर रवीद्र ने जादू के माध्यम से बताया कि डायरिया की चपेट में कई कारणों से बच्चे आ सकते हैं, जैसे- दूषित जल पीने से, दूषित हाथों से भोजन बनाने या बच्चे को खाना खिलाने, खुले में शौच करने या बच्चों के मल का ठीक से निस्तारण न करने आदि से। इसलिए शौच और बच्चों का मल साफ़ करने के बाद, भोजन बनाने और खिलाने से पहले हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह अवश्य धुलें। माताएं छह माह से ऊपर के बच्चों को स्तनपान कराती रहें और हमेशा साफ़-सुथरा पानी ही पिलायें। छह माह से कम उम्र के बच्चों को स्तनपान के अलावा बाहरी कोई भी चीज न दें यहाँ तक कि पानी भी नहीं। इस अवस्था में बाहरी चीज देने से संक्रमण का जोखिम बना रहता है। मां के दूध में बच्चे की जरूरत के मुताबिक़ पानी की मात्रा होती है, इसलिए बाहर से पानी न पिलाएं।

पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर अर्बन हैल्थ सेंटर हिम्मौरपुर के फार्मासिस्ट सौरभ यादव ने बच्चों का सामान्य चेकअप किया और ओआरएस, जिंक, कैल्शियम और आयरन का भी वितरण किया। इस अवसर पर पीएसआई इंडिया से राजेश कुमार, कैफुल हसन, बाल गृह के अध्यापक अंकित शर्मा, अमन कुमार , परामर्शदाता नीलम भारती, स्टाफ नर्स अदिति वर्मा, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) अध्यक्ष आशीष सिंह, हर गोविंद सिंह, ललिता सिंह तथा फिरदौस अंजुम उपस्थित रहीं।



