दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.3°C, आज दिन में कैसा रहेगा मौसम? IMD ने दिया बड़ा अपडेट

नई दिल्ली। लगातार बढ़ती सर्दी के बीच शुक्रवार सुबह भी दिल्ली वालों का हाल बेहाल रहा। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे ही बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो ठंड का यह दौर अभी बना रहेगा। शुक्रवार सुबह कहीं मध्यम तो कहीं घना कोहरा देखने को मिला। इससे दृश्यता का स्तर भी प्रभावित हुआ। सुबह साढ़े सात बजे आइजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता महज 150 मीटर रह गई।
न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिन में आसमान साफ रहेगा। धूप भी खिली रहेगी।
वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’
दूसरी तरफ दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिलहाल ‘बहुत खराब’ श्रेणी में ही चल रही है। आज सुबह साढ़े नौ बजे सीपीसीबी ने 343 एक्यूआई दर्ज किया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। संभावना है कि अभी अगले कई दिन दिल्ली का एक्यूआई ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में ही बरकरार रहेगा।



