राज्यराष्ट्रीय

बाबा विश्वनाथ की नगरी से सत्ता में बने रहने का मंत्र दिया मोदी ने, चुनाव प्रचार के फोकस में काशी-अयोध्या

वाराणसी: पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भाजपा शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्रियों ने अपने काम के बारे में पीएम मोदी को रिपोर्ट दी। वहीं पीएम ने सभी मुख्यमंत्रियों से आगामी चुनाव, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रशासन पर चर्चा की। उसके बाद उन्होंने सत्ता में बने रहने के लिए मंत्री दिया। मोदी ने आगामी विधानसभा चुनावों में काशी-अयोध्या पर फोकस करने को कहा। साथ ही भाजपा शासित राज्यों के सीएम “डबल इंजन सरकार” के प्रचार का चेहरा बनेंगे। प्रधानमंत्री ने असम, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के साथ गुड गर्वनेंस को लेकर बैठक की। बैठक में जे पी नड्डा और भूपेंद यादव भी मौजूद थे।

मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्रियों से कहा गया है कि उन्होंने जो योजनाएं बनाई हैं उसका खुद निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि उन योजनाओं का फायदा अंतिम आदमी तक पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक पीएम ने मुख्यमंत्रियों से अपनी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने और संगठन के साथ तालमेल बिठाने को भी कहा है। चूंकि यूपी का चुनाव भाजपा के लिए काफी अहमियत रखता है, इसलिए रणनीति के तहत काशी में ही तमाम भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई गई। आमतौर पर ऐसी बैठकें दिल्ली में हुआ करती हैं।

अगले साल उत्तर प्रदेश समेत उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी इस चुनाव में भाजपा शासित राज्यों के प्रदर्शन और विकास कार्यों की उपलब्धियों को चुनाव के दौरान बताएगी। केंद्र और राज्य में भाजपा शासित सरकार होने यानी “डबल इंजन सरकार” होने के क्या फायदे हैं, उसकी उपलब्धियों को लेकर भाजपा ने चुनाव में उतरने की रणनीति बनाई है। भाजपा को उम्मीद है कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर हो या अयोध्या का राम मंदिर, हिंदुत्व के एजेंडे से पार्टी को हमेशा की तरह इस चुनाव में भी फायदा होगा।

Related Articles

Back to top button