देहरादून। देहरादून में अतिक्रमण, गंदगी और निर्माण मलबा फेंकने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और निगम भूमि पर अवैध कब्जों को जेसीबी से हटाया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया गया।
नगर आयुक्त ने मौके पर पहुंचकर हटवाया अतिक्रमण
वार्ड 84 बंजारावाला स्थित काली मंदिर के सामने निगम भूमि और सड़क पर किए गए अतिक्रमण की शिकायत पर नगर आयुक्त नमामी बंसल स्वयं मौके पर पहुंचीं। निरीक्षण के बाद तत्काल जेसीबी मशीन लगाकर अतिक्रमण हटवाया गया। नगर आयुक्त ने अभियान की वास्तविक स्थिति जानने के लिए स्थलीय निरीक्षण भी किया।
पुराने शौचालय पर कब्जे की शिकायत, जांच के आदेश
मंगलवार को वार्ड 18 इंदिरा कॉलोनी में पुल के पास निगम के पुराने शौचालय पर कब्जा कर मांस की दुकान संचालित किए जाने की शिकायत सामने आई। इस पर नगर आयुक्त ने स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण की पुष्टि होने पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।
संयुक्त टीम चला रही विशेष प्रवर्तन अभियान
अपर नगर आयुक्त प्रवीण कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य, निर्माण और भूमि अनुभाग की संयुक्त टीम द्वारा शहरभर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अतिक्रमण, गंदगी और अवैध गतिविधियों पर एकसाथ कार्रवाई की जा रही है।
गंदगी फैलाने पर 48 चालान, 28,100 रुपये जुर्माना
स्वास्थ्य अनुभाग ने सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए 48 चालान काटे और 28,100 रुपये का अर्थदंड वसूला। साथ ही मार्गों और सार्वजनिक स्थानों से निर्माण मलबा हटवाकर संबंधित लोगों को भविष्य में नियमानुसार निस्तारण करने की हिदायत दी गई।
मुख्य मार्गों पर 90 चालान, 45,300 रुपये की वसूली
भूमि अनुभाग ने शहर के मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 90 चालान जारी किए और 45,300 रुपये की वसूली की। अभियान के दौरान 16 अवैध बोर्ड, एक ठेला, चार बेलचे, छह रस्सियों के बंडल, तीन स्टील ग्रिल, एक लोहे का काउंटर और एक लोहे का दरवाजा हटाया गया।
अतिक्रमण और निर्माण वेस्ट पर लगातार कार्रवाई के निर्देश
अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर के मुख्य मार्गों पर निर्माण वेस्ट डालने, अवैध होर्डिंग लगाने, अतिक्रमण करने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नोटिस और चालान की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नगर निगम ने साफ कर दिया है कि नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




