टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

मोदी के समावेशी विकास पर जनता की पुख्ता मुहर: नकवी

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने गुरुवार को यहाँ कहा कि विपक्षी पार्टियों के भाजपा को हराने के जुगाड़ पर जनता का भाजपा को जिताने का जुनून हावी रहा। नकवी ने यहाँ पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों में भाजपा की शानदार जीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “समावेशी विकास, सर्वस्पर्शी सशक्तीकरण” के संकल्प पर जनता की पुख्ता मुहर है।

उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल विकास को दीवाना बता रहे थे, वह दिवालिया हो गए हैं। दिखाई दे रहा विकल्प भी था और भाजपा का पांच वर्षों का शासन भी। लोगों ने सरकार के “प्रो-इंकम्बेंसी” और “विकल्प के भाजपा हराओ विलाप” को नकार कर सुशासन और विकास की जुगलबंदी को जनादेश दिया है। नकवी ने कहा कि नरेंद्र मोदी “परिवार की परिक्रमा सियासत” को “परिश्रम और परिणाम की संस्कृति” में बदल कर देश की राजनीतिक सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाये हैं। इन चुनावों के रिजल्ट इसी का परिणाम हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही “जीत के ग्लैमर और हार के ग्रेस” को प्रजातंत्र का हिस्सा मानती है। यह उन विपक्षी दलों के लिए सबक और सन्देश है जो अपनी हार पर हाहाकार मचा कर जनादेश का अपमान करते हैं।

Related Articles

Back to top button