उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

ना गुंडाराज न भ्रष्टाचार अबकी बार फिर भाजपा सरकार: योगी आदित्यनाथ

बाराबंकी । कुर्सी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गौरा सैलक में आज एक चुनावी सभा में सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार में गोवंश को कटने नहीं देंगे लेकिन अन्नदाताओं के खेतों को छुट्टा जानवरों को बर्बाद करने भी नहीं दिया जाएगा। कहा कि उनकी सरकार इस समस्या का समुचित समाधान करेगी। किसान भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में हैं।सीएम योगी कुर्सी विधानसभा के गौरा सैलक में भाजपा प्रत्याशी साकेन्द्र प्रताप वर्मा के पक्ष में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने लोधेश्वर महादेव को प्रणाम करते हुए कहा कि 2017 के पूर्व सपा-बसपा की सरकार आतंकवादियों के मुकदमे वापस लिया करती थी, लेकिन उनकी सरकार में माफिया-गुंडे तख्ती लेकर आत्मसमर्पण कर रहे हैं।

यहां सीएम की रैली करीब डेढ़ घंटे देरी शुरू हुई। यहां उन्हें 4 बजे पहुंचना था। योगी ने आवारा जानवरों की समस्या का अपने भाषण में भी जिक्र किया। कहा, यूपी में जब भाजपा की सरकार बनी तो पहला फैसला किसानों के लिए तो दूसरा निर्णय बेटियों की सुरक्षा था। हमने फैसला लिया था कि गोवंश को बूचड़खानों में कटने नहीं देंगे तो किसानों की फसलें भी नष्ट नहीं होने देंगे। इसके लिए जगह-जगह गोशालाएं बनवाईं। आगे और भी बड़े फैसले किसानों के हित में लिए जाएंगे।कहा बाराबंकी में एक लाख 21 हजार 800 से अधिक किसानों का कर्ज माफ हुआ था। कोरोना की तीसरी लहर कब आई, कब गई, पता नहीं चला। गरीबों का पैसा पहले इत्र वाले मित्र के यहां चला जाता था।

लेकिन बीजेपी शासन में एक हाथ में विकास के काम तो दूसरे हाथ में बुलडोजर होगा। अब उत्तर प्रदेश बदल रहा है। अब कांवरियों पर पुष्प वर्षा होती है। कांवड़ यात्रा देखकर लगता है कि साक्षात भोलेनाथ प्रदेश की विकास यात्रा को अपना आशीर्वाद दे रहे हैं। तुष्टिकरण पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा सरकार में ईद और बकरीद में 24 घण्टे बिजली आती थी जबकि होली और दिवाली में अंधेरा रहता था। लेकिन भाजपा सरकार ने सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत पर चलते हुए पूरे प्रदेश में 18 से 24 घण्टे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की। उन्होंने जनता से सवाल करते हुए कहा कि, क्या 2017 से पहले भी राशन मिलता था? 15 करोड़ प्रदेश वासियों को मुफ्त डबल राशन मुहैया कराया जा रहा है।

सपा शासन में हुए खाद्यान्न घोटाले पर तंज कसा। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी को मुफ्त वैक्सीन लगवाया। यदि सपा सरकार होती तो वैक्सीन में भी दलाली हो जाती। जनसभा में मौजूद विशाल जनसमूह से कहा कि जब कब्रिस्तान बनवाने वाले वोट मांगने आएं तो उनसे कहना कि कब्रिस्तान में रहने वालों से वोट मांगे। इस दौरान जनसमूह जोश में नारे बाजी करता रहा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष शशांक कुसुमेश, सांसद उपेंद्र रावत,जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत,घनसुख भन्डेरी,शीलरत्न मिहिर,विजय आनंद बाजपेई,विपिन सिंह राठौर,दिनेश चंद्र पांडेय,डॉ रामकुमार गिरी ,पिंटू सिंह,रंजीत लोधी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button