उत्तर प्रदेशराज्य

अलीगढ़ की ‘दिलफेंक सास’ की कहानी में नया ट्विस्ट, पहले दामाद अब जीजा के संग फरार

अलीगढ़ : अलीगढ़ की वह सास, जिसने बेटी की शादी से ठीक पहले होने वाले दामाद का हाथ थाम लिया था, एक बार फिर सुर्खियों में है. रिश्तों की इस अनोखी कहानी में अब नया किरदार जुड़ गया है जीजा (brother-in-law). करीब दस महीने तक दामाद राहुल के साथ रहने के बाद सास अब उसे छोड़कर अपने जीजा के साथ चली गई है. आरोप है कि इस बार जाते-जाते वह दो लाख रुपये नकद और जेवर भी साथ ले गई. राहुल का कहना है कि जिस रिश्ते के लिए उसने समाज की बातें सुनीं, घर छोड़ा और परिवार से दूरी बना ली, वही रिश्ता अब अचानक खत्म हो गया.

पिछले साल अप्रैल में घर में शहनाई बजने वाली थी. 16 अप्रैल को बेटी की शादी तय थी. लेकिन शादी से 12 दिन पहले घर का माहौल अचानक बदल गया. जिस युवक राहुल से बेटी की शादी होने वाली थी, उसी के साथ सास घर से चली गई. परिवार को तब पता चला जब घर से जेवर और नकदी भी गायब मिले. बेटी ने उस वक्त कहा था कि मां घर में कुछ भी नहीं छोड़कर गईं. रिश्तेदार हैरान थे जहां मां बेटी की विदाई की तैयारी करती है, वहां खुद ही दामाद के साथ विदा हो गई. बताया जाता है कि शादी की तैयारियों के दौरान सास और राहुल के बीच बातचीत बढ़ने लगी थी. पहले घर-परिवार की बात, फिर हालचाल, और फिर घंटों की बातचीत. घरवालों को शक हुआ, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. रिश्ते की लकीरें धुंधली हो चुकी थीं.

दोनों अलीगढ़ से निकलकर कई शहरों से होते हुए बिहार पहुंचे. कुछ दिन वहां साथ रहे. जब मामला चर्चा में आया तो दोनों वापस लौटे और अपने फैसले पर कायम रहने की बात कही. महिला ने कहा था कि वह अपनी मर्जी से राहुल के साथ रहना चाहती है. राहुल भी उसके साथ खड़ा रहा. करीब दस महीने तक दोनों साथ रहे. आसपास के लोग उन्हें पति-पत्नी की तरह जानते थे.

लेकिन अब कहानी में नया मोड़ आ गया है. राहुल का आरोप है कि महिला उसे छोड़कर अपने जीजा के साथ चली गई है. राहुल के मुताबिक, मैंने उसके लिए सब कुछ छोड़ा. अब वह मुझे छोड़कर चली गई. उसका दावा है कि महिला दो लाख रुपये नकद और कुछ जेवर भी साथ ले गई. इस पूरी कहानी में सबसे ज्यादा चर्चा रिश्तों की बदलती परिभाषा को लेकर हो रही है. पहले बेटी का दामाद बना सास का साथी. फिर वही साथी पीछे छूट गया. अब जीजा के साथ जाने की बात सामने आई है. लोग कह रहे हैं कि यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं. हर कुछ महीनों में नया ट्विस्ट सामने आ जाता है.

राहुल अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है. उसका कहना है कि उसने रिश्ते के लिए समाज की आलोचना झेली, लेकिन अब वही रिश्ता टूट गया. उसकी पीड़ा साफ झलकती है कि मैंने सोचा था जिंदगी साथ गुजरेगी, लेकिन वह चली गई. वह इसकी शिकायत करने अलीगढ़ पुलिस के पास भी आया था लेकिन यहां की पुलिस ने यह कह कर उसे लौटा दिया कि ये तो बिहार का मामला है, हम क्या कर सकते हैं, आपको वहीं के थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज करानी होगी. वहां की पुलिस ही आपकी मदद कर सकती है. अलीगढ़ के पुलिस वालों का कहना है महिला तो यहां की रहने वाली थी लेकिन अब वह यहां नहीं रह रही थी, सास और दामाद दोनों ही बिहार में रह रहे थे. ऐसे में वहां की पुलिस ही उनकी मदद कर सकती है.

Related Articles

Back to top button