
Nitish Kumar Shapath Grahan: बिहार में नई NDA सरकार के गठन की तैयारी पूरी हो चुकी है। नीतीश कुमार ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है और नई सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है। आज यानी गुरुवार को नीतीश 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होगा। यह समारोह 2010 के बाद पहली बार गांधी मैदान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम आज सुबह 11:30 बजे से शुरू होगा। नीतीश कुमार दोपहर बाद 1.30 बजे बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह बेहद भव्य होने वाला है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेता शामिल होंगे। पीएम मोदी दोपहर 12:30 बजे तक गांधी मैदान पहुंचेंगे।
कौन-कौन होंगे शामिल?
प्रधानमंत्री मोदी के अलावा, कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और एनडीए के वरिष्ठ नेता भी इस आयोजन में शिरकत करेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम अजित पवार पटना के लिए रवाना होंगे, जबकि उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे दिल्ली से पटना जाएंगे। अनुमान है कि लाखों लोग इस शपथ ग्रहण के साक्षी बनेंगे।
एक दिन पहले चला बैठकों का दौर
शपथ ग्रहण से पहले, मंगलवार को एनडीए के दो प्रमुख दल, जदयू और भाजपा, ने अपने-अपने विधायक दल की बैठकें आयोजित कीं। जदयू की बैठक सुबह 11 बजे मंत्री श्रवण कुमार के आवास पर हुई, जिसमें नीतीश कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुना गया। इधर, बीजेपी विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधानमंडल दल का नेता चुना गया और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना गया। इन बैठकों के बाद, विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें नीतीश कुमार को औपचारिक रूप से नेता चुना गया।
एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद, नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा दिया। इसके तुरंत बाद, उन्होंने नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। दावा पेश करते समय उनके साथ एनडीए घटक दल के सभी बड़े नेता मौजूद थे।
शपथ ले सकते हैं अन्य मंत्री
नीतीश कुमार के साथ, 20 अन्य मंत्री भी शपथ ले सकते हैं। केंद्रीय मंत्री एवं एलजेपी-रामविलास राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरीके से बिहार की जनता ने एनडीए पर विश्वास करते हुए प्रचंड जीत दी है, ऐसे में हम सब पर यह बड़ी जिम्मेदारी है कि जनता के इस विश्वास पर हम खरा उतरें और कल शपथ के बाद जो वादे किए गए हैं, वो जल्द से जल्द पूरे किए जाएं।



