दिल्ली में आज राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे नीतीश कुमार, 13 अप्रैल के बाद सीएम पद छोड़ने की अटकलें तेज

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शुक्रवार को दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। वह गुरुवार को ही राजधानी पहुंच चुके थे, जहां जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा समेत पार्टी के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया। दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि वे शपथ लेने के लिए आए हैं।
सभापति के कक्ष में होगी शपथ, वापसी के बाद करेंगे ‘नई व्यवस्था’
जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन के कक्ष में शपथ लेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार का काम छोड़कर यहां आए हैं, इसलिए पहले यहां की औपचारिकता पूरी करेंगे। साथ ही संकेत दिया कि तीन-चार दिन बाद बिहार लौटने पर वहां नई व्यवस्था लागू की जाएगी।
13 अप्रैल के बाद इस्तीफे की संभावना, संवैधानिक प्रक्रिया तय करेगी आगे का रास्ता
सूत्रों के अनुसार, 13 अप्रैल के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। वह 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव जीत चुके हैं और फिलहाल बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। नियमों के तहत संसद सदस्य बनने के 14 दिनों के भीतर उन्हें राज्य विधानमंडल की सदस्यता छोड़नी होगी। ऐसे में विधान परिषद की सदस्यता समाप्त होने पर मुख्यमंत्री पद पर बने रहना संभव नहीं होगा।
एनडीए में मंथन तेज, नए मुख्यमंत्री के नाम पर जल्द फैसला संभव
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के साथ ही बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज होती दिख रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 14 या 15 अप्रैल को एनडीए की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला लिया जा सकता है। इसके बाद नई सरकार के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है।
बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत
लंबे समय से राज्य की राजनीति के केंद्र में रहे नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय भूमिका की ओर बढ़ रहे हैं। उनके इस कदम को बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। जदयू और एनडीए के नेता पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि आम जनता नए नेतृत्व को लेकर उत्सुक नजर आ रही है।



