
नई दिल्ली में डाक विभाग ने पार्सल डिलीवरी को तेज और भरोसेमंद बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तीन नई प्रीमियम सेवाओं का शुभारंभ किया, जिनके तहत 24 और 48 घंटे के भीतर डिलीवरी की गारंटी दी जाएगी।
तीन नई सेवाओं से तेज होगी डिलीवरी व्यवस्था
शुरू की गई सेवाओं में 24 स्पीड पोस्ट, 24 स्पीड पोस्ट पार्सल और 48 स्पीड पोस्ट शामिल हैं। इन सेवाओं के जरिए तत्काल और समयबद्ध पार्सल को प्राथमिकता के आधार पर तय समय में पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
पहले चरण में 6 बड़े शहरों में लागू
डाक विभाग ने इन सेवाओं की शुरुआत फिलहाल देश के छह प्रमुख शहरों—दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में की है। विभाग ने बताया कि तय समयसीमा में डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रोसेसिंग और प्राथमिकता आधारित हवाई परिवहन का सहारा लिया जाएगा।
नई तकनीक से लैस होंगी सेवाएं
इन हाई-स्पीड सेवाओं में ग्राहकों को ओटीपी आधारित डिलीवरी, एंड-टू-एंड ट्रैकिंग और रीयल-टाइम एसएमएस अलर्ट जैसी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे पार्सल की निगरानी और सुरक्षा दोनों बेहतर होंगी।
ई-कॉमर्स बाजार को मिलेगा बड़ा सहारा
संचार मंत्री ने कहा कि यह पहल डाक विभाग के लिए नई शुरुआत है। उन्होंने बताया कि देश का ई-कॉमर्स बाजार तेजी से बढ़ रहा है और वर्ष 2030 तक इसके 30 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है, जो वर्तमान के मुकाबले लगभग तीन गुना है। ऐसे में यह सेवाएं लॉजिस्टिक्स सेक्टर को मजबूती देंगी।



