उत्तर प्रदेशराज्य

अब वाराणसी की इन जगहों के बदले जाएंगे नाम, CM योगी ने किया था ऐलान

वाराणसी : वाराणसी शहर की कई सड़कें और मोहल्ले जल्द ही नए नामों से जाने जाएंगे। नई सड़क-गिरिजाघर मार्ग भारतरत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के नाम से पुकारा जाएगा। फातमान रोड सरदार पटेल और मकबूल आलम रोड बिरहा गायक पद्मश्री हीरालाल यादव के नाम पर होगा। हीरालाल के नाम से सड़क के नामकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने भी पूर्व में घोषणा की थी। महापौर अशोक तिवारी ने बातचीत में बताया कि बनारस की विश्व में पहचान धार्मिक, प्राचीन ऐतिहासिक के अलावा खेल, साहित्य, शिक्षा सहित विभिन्न विधाओं के जरिए भी है। विभिन्न विधाओं को वैश्विक मंच तक लाने वालों में कई ऐसी विभूतियां हैं, जिन्हें अपेक्षित पहचान नहीं मिली है। लिहाजा नगर निगम ने उन विभूतियों के नाम पर सड़कों व मुहल्लों के नामकरण पर विचार किया है। शहर में ऐसे भी मार्ग के नाम हैं, जिनके बारे में नई पीढ़ी नहीं जानती है। उन्हें अलग रूप से पहचान मिलेगी।

उन्होंने बताया कि अभी करीब आधा दर्जन मार्गों और मुहल्लों के नाम बदलने का फैसला लिया गया है। पार्षदों संग अनौपचारिक बैठक में सहमति ले ली गई है। नगर निगम अफसरों को प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया जाएगा। उसे निगम की आगामी बैठक में रखा जाएगा।

महापौर ने बताया नामकरण के लिए पार्षदों से अपने-अपने वार्डों की प्रमुख सड़कों के नामकरण के लिए सुझाव मांगे जाएंगे। सड़कों का नामकरण स्थानीय विभूतियों के नाम पर होगा। उन्होंने बताया कि भोजूबीर मार्ग को राजर्षि उदय प्रताप जूदेव व पांडेयपुर-आजमगढ़ मार्ग को मुंशी प्रेमचंद के नाम पर रखने की तैयारी है। वहीं, सारनाथ, लंका, मंडुवाडीह, सुंदरपुर, लहरतारा, कज्जाकपुरा आदि इलाकों की प्रमुख सड़कों के भी नाम बदलने पर विचार चल रहा है।

महापौर की मानें तो नगर निगम के जोन व सबजोन के नाम भी परिवर्तित होंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में वार्डों के नाम बदले गए हैं। इससे वहां के स्थलों को विशेष पहचान मिली है। मौलवीबाग को मालवीयनगर रखने का विचार है। उसी तरह महमूरगंज का नाम भी बदला जाएगा।

महापौर ने बताया

  1. नई सड़क-गिरिजाघर मार्ग ‘बिस्मिल्लाह खां’ के नाम पर
  2. फातमान रोड जल्द ही सरदार पटेल मार्ग से जाना जाएगा
  3. मकबूल आलम रोड लोक गायक हीरालाल को समर्पित
  4. भोजूबीर का नामकरण राजर्षि उदय प्रताप जूदेव के नाम पर
  5. पांडेयपुर-आजमगढ़ मार्ग मुंशी प्रेमचंद के नाम पर होगा
  6. मेयर ने अनौपचारिक बैठक कर पार्षदों से सहमति ली
  7. सदन की अगली बैठक में प्रस्ताव लाने पर चल रहा विचार

Related Articles

Back to top button