देहरादून में भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और पद्म विभूषण से सम्मानित जनरल बिपिन रावत की जयंती पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनरल बिपिन रावत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को स्मरण किया।
राष्ट्रसेवा का अदम्य प्रतीक थे जनरल बिपिन रावत

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ भारती की सेवा में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले जनरल बिपिन रावत अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सेना के आधुनिकीकरण में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
युवाओं के लिए प्रेरणा बना रहेगा उनका जीवन
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के प्रति जनरल बिपिन रावत का समर्पण हम सभी के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका नेतृत्व, दूरदर्शिता और देश के प्रति अटूट निष्ठा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए लगातार प्रेरित करती रहेगी।




