
संघ के शताब्दी वर्ष पर ममता ट्रस्ट के पूरे होंगे सौ अभियान : प्रान्त प्रचारक
ममता ट्रस्ट ने लिया एक लाख कंबल वितरण का संकल्प : राजीव मिश्रा
लखनऊ : गरीबों एवं असहायों के मदद में जुटी ममता चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सांसद राजनाथ सिंह की प्रेरणा से राजधानी में ट्राई साइकिल, दिव्यांग उपकरण एवं कंबल वितरण का अनवरत कार्यक्रम जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को ग्वारी, गोमती नगर में दिव्यांग उपकरण एवं कंबल वितरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि, प्रान्त प्रचारक कौशल जी द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष पर ममता ट्रस्ट द्वारा सौ अभियान पूरे किए जाएंगे। ममता सर्वश्रेष्ठ संस्था है जो संकट के समय जरूरतमंदों को राशन उपलब्ध कराना हो, पूरे लखनऊ को सैनीटाइजर, मास्क एवं कोविड किट देने का काम रहा हो, किसी गरीब छात्र की मदद करनी हो, या फिर अस्पताल में भर्ती मरीजों को खून उपलब्ध करानी हो, ट्रस्ट ने 24 घंटे की सेवा के साथ जरूरतमंदों के साथ खड़ी रही। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय राय ने कहा कि ममता ट्रस्ट गरीबों के आंसू पोछने का काम कर रही है। अन्य संस्थाओं को इनसे सीख लेनी चाहिए। शिविर में ट्राई साइकिल, सहायक उपकरण, बैसाखी, छड़ी, चश्मा कंबल वितरण में हजारों लाभार्थियों ने लाभ लिया।

ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष एवं भाजपा अवध के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने कहा कि ममता ट्रस्ट का संकल्प 101 अभियान पूरे करने के साथ नर सेवा नारायण सेवा है। हम सदैव उनकी हर प्रकार की पीड़ा हरने, जीवन में खुशहाली लाने, उनके जीवन को सम्मानजनक बनाने में अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे, इस कार्य में हमें समाज के लोगों का भरपूर सहयोग एवं समर्थन प्राप्त होता रहता है तथा हमारे स्वयंसेवक कार्यकर्ताओं के श्रम लगनशीलता,अदम्य प्रयास से ही यह सब सम्भव हो पाता है। इस अवसर पर पार्षद रामकृष्ण यादव, ट्रस्ट के संरक्षक राजेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष गौरव पांडे, उपाध्यक्ष जितेश श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा, शशिकान्त शुक्ला सहित तमाम सम्मानितजन एवं क्षेत्रीय नागरकि उपस्थित रहे।



