
एक दुल्हन, दो बरातें: अमरोहा में शादी बनी सनसनी, पुलिस की मौजूदगी में हुआ निकाह
अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में रविवार को एक ऐसी शादी देखने को मिली, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी। एक ही दुल्हन के लिए दो अलग-अलग जगहों से बरातें एक ही बैंक्वेट हॉल पहुंच गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभाला और आखिरकार दुल्हन की मर्जी से निकाह संपन्न कराया गया।
पहले मुरादाबाद में तय हुआ था रिश्ता
जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बेटी का रिश्ता पहले मुरादाबाद के युवक से तय किया था। दोनों पक्षों में सगाई भी हो चुकी थी और 12 अप्रैल को शादी की तारीख निर्धारित थी। लेकिन इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद लड़की पक्ष ने यह रिश्ता तोड़ दिया। हालांकि तब तक शादी के कार्ड छप चुके थे और निमंत्रण भी बांटे जा चुके थे।
जल्दबाजी में संभल से तय हुआ नया रिश्ता
परिवार ने सामाजिक प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए जल्दबाजी में संभल निवासी दूसरे युवक से बेटी का रिश्ता तय कर दिया। शादी की तारीख में कोई बदलाव नहीं किया गया और उसी दिन नए रिश्ते के साथ निकाह की तैयारियां शुरू कर दी गईं।
बैंक्वेट हॉल में आमने-सामने आ गईं दोनों बरातें
रविवार दोपहर कैलसा बाईपास स्थित बैंक्वेट हॉल में संभल से आई बरात पहुंची और निकाह की रस्म की तैयारी शुरू हो गई। इसी दौरान पहले से तय मुरादाबाद का दूल्हा भी अपनी बरात लेकर वहां पहुंच गया। एक ही दुल्हन के लिए दो बरातों के आमने-सामने आने से माहौल तनावपूर्ण हो गया और हड़कंप मच गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, दुल्हन की राय पर हुआ फैसला
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर माहौल शांत कराया। इसके बाद दुल्हन से उसकी इच्छा पूछी गई। दुल्हन ने परिजनों की सहमति से संभल से आए दूल्हे के साथ निकाह करने की इच्छा जताई, जिसके बाद उसी के साथ निकाह संपन्न कराया गया।
मुरादाबाद की बरात लौटी, बिना कार्रवाई मामला शांत
निकाह के बाद संभल की बरात दुल्हन को लेकर रवाना हो गई। वहीं मुरादाबाद से आए दूल्हे को पुलिस अपने साथ कोतवाली ले गई, जहां उसे शाम तक बैठाए रखा गया और बाद में वापस भेज दिया गया। इस पूरे मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, लेकिन यह अनोखी घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।



