उत्तराखंड

असली पीड़ित सिर्फ अंकिता के माता-पिता, बाकी लोग कर रहे राजनीति; भावुक हुए CM धामी

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सियासत तेज है, लेकिन इसी बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर सीधा और तीखा हमला बोला है। देहरादून में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बेहद संवेदनशील मामले में वे लोग राजनीति कर रहे हैं, जिन्हें जनता पहले ही नकार चुकी है। उन्होंने भावुक अंदाज में दोहराया कि सरकार शुरू से ही अंकिता को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

कार्यक्रम के मंच से साझा की मन की बात
कैंट रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में एकल महिला स्वरोजगार योजना का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सभागार में मौजूद महिलाओं के सामने इस मामले पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह विषय बेहद भावनात्मक है और सरकार ने शुरुआत से ही हर कदम गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ उठाया है। इस दौरान मुख्यमंत्री भावुक भी नजर आए और स्पष्ट कहा कि सरकार किसी अपराधी को बचाने का काम नहीं करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा।

सीबीआई जांच माता-पिता की भावनाओं के अनुरूप
मुख्यमंत्री ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि दिवंगत अंकिता के माता-पिता की भावनाओं का सम्मान करते हुए सीबीआई जांच शुरू कराई गई है। उन्होंने दो टूक कहा कि इस मामले में असली पीड़ित केवल अंकिता के माता-पिता हैं, जबकि बाकी लोग इसे राजनीतिक रंग देने में लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो जब खुद सीबीआई जांच के दायरे में आए तो उसी एजेंसी पर सवाल उठाने लगे। जनता अब सबकी सच्चाई जान चुकी है।

सरकार की कार्रवाई का रखा पूरा ब्योरा
धामी ने कहा कि मामला सामने आते ही सरकार ने त्वरित कार्रवाई की। जिन लोगों के नाम सामने आए, उन्हें जेल भेजा गया। एक महिला आईपीएस अधिकारी की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया और करीब एक हजार पन्नों की रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल की गई। वर्तमान में तीन आरोपी जेल में हैं। उन्होंने सभागार में मौजूद महिलाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि सरकार किसी भी अपराधी को संरक्षण नहीं देगी और “आपका भाई” आपके मान-सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा खड़ा रहेगा।

सब्र रखने की अपील, सख्त कार्रवाई का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब जब तथाकथित वीआईपी एंगल की जांच सीबीआई ने शुरू कर दी है, तो सभी को थोड़ा धैर्य रखना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी पारदर्शिता से होगी और यदि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह वीआईपी हो या कोई अन्य, दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles

Back to top button