
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया समीकरण सामने आया है। AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर (Humayun Kabir) की ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। ओवैसी 25 मार्च को कोलकाता में हुमायूं कबीर के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस गठबंधन की रूपरेखा पेश करेंगे।
हुमायूं कबीर की पार्टी ने पहले ही ऐलान किया था कि वह 182 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। इस गठबंधन में AIMIM भी शामिल होगी और लगभग आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। कबीर ने अब तक 18 उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें रानीनगर, भगवानगोला और मुर्शिदाबाद जैसी महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं। हुमायूं कबीर तीन सीटों से चुनाव लड़ेंगे: भगवानगोला, नौदा और राजीनगर, जो मुर्शिदाबाद जिले में आती हैं।
चुनाव की तारीखें
पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव दो चरणों में होंगे:-
पहला चरण (152 सीटें): 23 अप्रैल 2026
दूसरा चरण (142 सीटें): 29 अप्रैल 2026
परिणाम: 4 मई 2026 को घोषित होंगे
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC और मुख्य विपक्षी दल BJP के बीच होने वाले मुकाबले में ओवैसी-कबीर का गठबंधन मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में असर डाल सकता है। 2021 के चुनाव में कांग्रेस और वामपंथी दलों की स्थिति कमजोर हो गई थी, ऐसे में यह नया गठबंधन राज्य की राजनीति में ‘तीसरे कोण’ के रूप में उभरने की कोशिश कर रहा है।



