उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी में ब्राह्मण मतदाताओं को साधने में जुटी बीजेपी, नड्डा से मिला ब्राह्मण नेताओं का दल

लखनऊः उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव करीब आ रहे हैं, सियासी गुणा गणित भी तेज होता जा रहा है। राजनैतिक दल क्षेत्रीय, सामाजिक और जातीय संतुलन बनाने में जुट गये हैं। सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ब्राह्मण नेताओं ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस मुलाकात में उप्र के ब्राह्मणों को भाजपा के साथ जोड़े रखने के लिए पार्टी की रीति नीति को उन तक पहुंचाने की रणनीति तैयार हुई है। इस रणनीति को धरातल पर उतारने के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई गयी है। कमेटी में पूर्व केन्द्रीय मंत्री व राज्यसभा सांसद शिवप्रता शुक्ला, डॉ. महेश शर्मा, गुजरात से राज्यसभा सांसद रामाबाई मोकारिया और भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री अभिजात मिश्रा शामिल हैं।

भाजपा चाहती है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत मिले और योगी आदित्यनाथ फिर से मुख्यमंत्री बनें। इसके लिए सर्व समाज का साथ मिलना आवश्यक है। ब्राह्मणों को भाजपा का कोर वोटर माना जा रहा है। ऐसे में यदि उत्तर प्रदेश के ब्राह्मण दूसरे खेमे में चला गया तो भाजपा को इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ब्राह्मण कमेटी के अगुआ व राज्यसभा सांसद शिवप्रताप शुक्ला ने नड्डा से मुलाकात के बाद मीडिया से कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी खुद को ब्राह्मणों का हिमायती बता रहे हैं। सच्चाई इससे इतर है। हम सपा बसपा के थोथे दावों के बारे में समाज के लोगों को बताएंगे। हमे विश्वास है कि 2014, 2017 और 2019 में जिस प्रकार से सर्व समाज ने भाजपा को वोट देकर देश प्रदेश में सेवा मौका दिया है, उसी प्रकार 2022 में भी प्रदेश की जनता भाजपा की सरकार फिर से बनाने जा रही है। इसमें सर्व समाज का योगदान होगा। भाजपा में हमेशा ब्राह्मणों को उचित स्थान मिला है। आगे भी मिलेगा।

जेपी नड्डा से मिलने वालों में पूर्व केन्द्रीय मंत्री व राज्यसभा सांसद शिवप्रताप शुक्ला, योगी सरकार के मंत्री श्रीकांत शर्मा, ब्रजेश पाठक, सतीश द्विवेदी, आनंद स्वरूप शुक्ला, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय के अलावा पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद डॉ. महेश शर्मा और भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री अभिजात मिश्र समेत अन्य लोग शामिल रहे।

इस मुलाकात में केन्द्रीय मंत्री व उप्र भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान भी मौजूद रहे। दरअसल इन ब्राह्मण नेताओं की नड्डा से पहले लखनऊ में धर्मेन्द्र प्रधान के साथ बैठक हुई थी। प्रधान के साथ हुई बैठक में बनी रणनीति के उपरांत दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इन दो महत्वपूर्ण बैठकों के बाद पार्टी ने शिवप्रताप शुक्ला की अध्क्षता में चार सदस्यीय कमेटी गठित की है।

Related Articles

Back to top button