उत्तर प्रदेशराज्य

गर्मी से यूपी वालों का हाल बेहाल, आगरा-मथुरा के पारे में उछाल ; पूर्वांचल के लिए जारी हुआ ये अलर्ट

UP Weather: गर्मी ने लखनऊ के लोगों को बेहाल कर दिया है। लगातार तापमान 40 के ऊपर जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम पारा 44 डिग्री तक जा सकता है। रेगिस्तानी इलाकों से हो कर आ रही पछुआ गर्म है। इसका असर लखनऊ पर काफी पड़ रहा है। हवा में नमी 26 आ गई है। ऐसे में शुष्क, गर्म हवा तपिश और बढ़ा रही है। यह सिलसिला तीन दिन तक जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को पारा 45 डिग्री जा सकता है।

आगरा-मथुरा सबसे गर्म
उत्‍तर प्रदेश में सबसे गर्म आगरा और मथुरा वृंदावन रहे जहां पारा 47 डिग्री पर दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश इलाकों में तापमान में बढ़ोत्तरी, तेज धूप और लू से जनजीवन बेहाल रहा।

आज से पूर्वांचल में हीट वेव, पारा होगा 45 पार
पूर्वी यूपी में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। शनिवार से गोरखपुर में हीट वेव चलने की आशंका है।। दिन में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस (डिसे) तक पहुंच सकता है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को आसमान में हल्के बादल मौजूद रहे। इसके बावजूद दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। पहली बार इस महीने में दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

45 डिग्री रहा हीट इंडेक्स
शुक्रवार को हवा में नमी कम होने के कारण गर्मी का अहसास अधिक हो रहा था। शुक्रवार को हीट इंडेक्स 45 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक गर्म आगरा-मथुरा रहे। यहां पारा 47 डिग्री रहा।

प्रयागराज में लू के साथ बढ़ी तपन
जेठ माह की दस्तक से पहले प्रयागराज के तापमान में भी उछाल आने लगा है। दोपहर तपने लगी है तो रात भी पीसने छुड़ाने लगी है। दिनभर लू के थपेड़े बेहाल कर रहे हैं। चार दिन (21 मई तक) बेहद गर्म रहने वाले हैं। हीट वेव के साथ ही पारा 45 डिग्री पहुंच सकता है। रात के तापमान में भी उछाल नींद उड़ाएगा। यह स्थिति सेहत के लिए बेहद खतरनाक है। फिजीशियन की मानें तो धूप में पूरी सावधानी के साथ ही निकलें। शरीर पूरा ढका होना चाहिए। तरल पदार्थ का सेवन करते रहें। ऐसे मौसम में डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक रहता है।

गुरुवार की रात में पारा सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं शुक्रवार को दिन चढ़ने के साथ धूप तल्ख होती गई। सुबह 10 बजे ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। दोपहर 12 बजे लू चलने से शरीर झुलसने का अहसास होने लगा। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद कुछ देर के लिए बादल छाए, लेकिन राहत के बजाए इससे उमस बढ़ गई। अपरान्ह तीन तक अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश के अनुसार दिन के साथ अब रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। रात के तापमान में भी उछाल आएगा। उमस भी बढ़ेगी। आगामी 21 मई तक प्रयागराज में हीट वेव की संभावना है। पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।

कल से आसमान से और बरसेगी आग, झुलसाएगी लू
कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं होने के बीच मेरठ सहित वेस्ट यूपी में कल से आसमान में और ज्यादा आग बरसेगी। दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक प्रचंड गर्मी और लू का प्रकोप चरम पर रहेगा।

19 से 21 मई तक 72 घंटे के मौसम विभाग की चेतावनी के बीच मैदानों में तापमान इस बार पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए नए रिकॉर्ड बना सकता है। कई हिस्सों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक भी जा सकता है। इस स्थिति में आसमान से बरसने वाली आग और गर्म हवाएं लोगों को झुलसाएंगी। कल से तीन दिन के लिए मैदानों में तापमान नए रिकॉर्ड बनाने की ओर है। मेरठ में 123 वर्षों में नौ मई 1973 को 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड है।

रात से लगभग दोगुना मेरठ में दिन का पारा
मेरठ में दिन-रात के तापमान में बड़ा अंतर बना हुआ है। शुक्रवार को मेरठ में दिन का तापमान 43.1 और रात का 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मेरठ में दिन का तापमान रात से लगभग दुगुना है।

शरीर में बिगड़ रहा सोडियम पोटेशियम का संतुलन
मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग के प्रो. डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि दिन और रात के बीच बढ़े हुए तापमान के चलते दिल की गति और ब्लड प्रेशर पर असर पड़ सकता है। गर्मी के कारण शरीर में सोडियम-पोटेशियम का संतुलन बिगड़ जाता है। इससे डिहाइड्रेशन होता है, जिसका सीधा असर दिल पर पड़ता है।

हवा की गुणवत्ता भी खराब स्तर पर पहुंची
शुक्रवार को हवा की गुणवत्ता भी खराब स्तर पर पहुंच गई। एक्यूआई 204 दर्ज हुआ। बीते दस वर्षों में मेरठ में मई के आखिरी दिनों में आसमान से लगातार आग बरसती रही है।

Related Articles

Back to top button