PM रहते न ही कभी लोगों को डांटते, न तेज आवाज में बात करते, पीयूष गोयल ने मोदी को पिता जैसे बताया

नई दिल्ली : भारत की सबसे ताकतवर पद पर बैठे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में लोगों को जानने की उत्सुकता लगातार बनी रहती है। लोगों की इसी उत्सुकता का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने प्रधानमंत्री के व्यवहार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री को एक संयमित पिता की तरह बताते हुए कहा कि वह कभी भी अपनी आवाज को तेज नहीं करते और न ही कभी लोगों को डांटते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह एक अच्छे वक्ता होने के साथ-साथ अच्छे श्रोता भी हैं। वह कभी भी लोगों की इतनी आलोचना नहीं कर देते कि उसका आत्मविश्वास ही खत्म हो जाए।
केंद्रीय मंत्री पियूष गोयल ने कहा, “वह नहीं डांटते, वह एक अभिभावक की तरफ आपका हाथ पकड़ते हैं, आपको समर्थन देते हैं। वह एक अच्छे श्रोता हैं, तो ऐसे में जब आपके उनके सामने बोलते हैं, या कुछ प्रजेंट करते हैं, तो वह वहां पर 100 फीसदी ध्यान देते हैं। अगर आप उनके साथ एक घंटे के लिए हैं तो आप देखेंगे कि इसमें से करीब 55 मिनट तक आप ही बोलते रहे। वह पूरे धैर्य के साथ आपको सुनेंगे।”
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को माता-पिता की तरह मेंटॉर करने वाला बताया। उन्होंने कहा, “जैसे आपके माता-पिता आपको किसी काम के लिए प्रोत्साहित करते हैं, ठीक वैसे ही प्रधानमंत्री करते हैं, वह आपको सीमा तोड़कर आगे सोचने और कुछ नया करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। यहां तक कि किसी मुद्दे पर अगर आपके पास 6 विकल्प होते हैं, तो वह वहां पर आपको एक सातवां रास्ता भी बता देते हैं। यह बहुत ही खास है।”
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा आपके लिए उपलब्ध रहते हैं। इतने बड़े पद पर बैठे व्यक्ति के लिए इतना समय निकाल पाना बहुत मुश्लिक होता है, लेकिन फिर भी वह करते हैं। उन्होंने कहा, “आप सभी भी यहां तक की मैं भी कई बार फोन को लेकर चिंता में होता हूं। और मैं भी किसी से बात करने के लिए परेशान रहता हूं। किसी से बात करनी हो तो उसे मैसेज डालो, तब जाकर 2 दिन बाद फोन आता है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के साथ ऐसा नहीं है। उन्हें अगर आप कॉल करते हैं, तो उनकी टीम की तरफ से पूछा जाएगा कि क्या कोई अर्जेंट काम है? और अगर ऐसा है और प्रधानमंत्री उपलब्ध हैं, तो कुछ मिनट के अंदर ही आपके पास कॉल आ जाएगा। यह बहुत ही खास है।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं मंत्री हूं, तो मुझे तो कॉल लगा ही लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं है। पिछले 12 सालों में मैं हजारों लोगों से मिला हूं। सभी ने मुझसे एक बात कॉमन कही है, कि पीएम मोदी हमेशा उपलब्ध रहते हैं। आप उन्हें मैसेज डालते हैं, तो कुछ समय बाद ही उनका कॉल गारंटी के साथ आता है। वह उपलब्ध नहीं, तो उनकी टीम की तरफ से कॉल आएगा, लेकिन आएगा जरूर। मुझे नहीं पता वह यह कैसे करते हैं, लेकिन वह ऐसा करते हैं और यह बहुत ही खास बात है।



