बिहारराज्य

जहरीली शराब कांड: नही थम रहा मौत का सिलसिला, सरैया के बाद सकरा में दो की मौत, कई बीमार छुपकर करा रहे इलाज

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में जहरीली शराब का कहर जारी है। सरैया के बाद अब सकरा प्रखंड के बारियारपुर ओपी के बाजी राउत गांव के दो युवकों की मौत जहरीली शराब पीने से हो गई। वहीं, एक का इलाज चल रहा है। मृतक अशोक पंडित (38) व संत कुमार पंडित (36) उर्फ टुनटुन पंडित थे। अशोक की मौत शुक्रवार की देर रात स्थानीय अस्पताल में हुई। अशोक पंडित की पत्नी ने शराब पीने से मौत की बात कही है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव का दाह संस्कार कर दिया। संत कुमार की मौत शनिवार को ससुराल वैशाली के जंदाहा के एक अस्पताल में हुई। ससुर ने देसी शराब पीने से संत कुमार की मौत की बात कही है। परिजन उसका शव लेकर गांव पहुंचे। डीएसपी ईस्ट ने गांव पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। डीएसपी ने बताया कि एक अन्य की भी मौत की जानकारी है। छानबीन हो रही है।

शराब से सरैया में दो दिनों में छह की मौत हो चुकी है। एसएसपी ने सरैया थानेदार रविंद्र कुमार यादव व प्रभारी थानेदार मो. कलामुद्दीन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तीन चौकीदार भी निलंबित किए गए हैं। जहरीली शराब से दो युवकों की मौत के बाद सकरा के बरियापुर ओपी के बाजी राउत गांव में दहशत व मातम का आलम है। इलाके में कई चर्चाएं हैं। दोनों मृतकों के परिजन भी शराब पीने से मौत की बात कह रहे हैं।

अशोक पंडित की पत्नी चंदू देवी ने बताया कि गुरुवार को संत कुमार झोपड़ी बनाने के लिए अशोक को घर से बुलाकर ले गया था। वहां खुद भी शराब पी और अशोक को भी पिलाई। देर शाम दोनों घर लौटे। रात आठ बजे अशोक की तबीयत खराब होने लगी। उल्टी व पेट दर्द होने लगा। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार देर रात दम तोड़ दिया। इधर, संत कुमार की भी रात में ही तबीयत खराब होने लगी। उसे भी उल्टी, दस्त और पेट दर्द होने लगा। गांव के कुछ लोग उसे वैशाली के जंदाहा स्थित उसके ससुराल में छोड़ गए। ससुर दिनेश्वर पंडित ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पत्नी मनीषा भी पहुंची व जानकारी दी। ससुर ने बताया कि दामाद की तबीयत शराब पीने के बाद बिगड़ी थी। बता दें कि दो दिन पहले भी एक गांव में तीन युवकों ने शराब पी थी। तीनों की आंख की रौशनी चली गई।

Related Articles

Back to top button