ब्रेकिंगराज्य

पुलिस ने 25 साल से फरार हिस्ट्रीशीटर को किया गिरफ्तार

नैनीताल : शातिर अपराधियों के खिलाफ उत्तराखंड में ऊधमसिंह नगर के नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिलीप सिंह कुंवर की सख्ती रंग लाने लगी है। सितारगंज पुलिस ने 25 साल से फरार हिस्ट्रीशीटर एवं हत्या में दोषी मुन्ना उर्फ फकीर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे अदालत में पेश करने में जुट गयी है। सितारगंज पुलिस की ओर से अभियुक्त को शुक्रवार को सितारगंज स्थित क्रबिस्तान से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ ऊधमसिंह नगर एवं उत्तर प्रदेश में संगीन धाराओं में छह मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे हिस्ट्रीशीटर घोषित किया है और उसका हिस्ट्रीशीट नंबर 17ए है। उस पर 2500 रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। वह 25 साल से फरार चल रहा है।

अदालत ने कुंवरपुर सिसैया निवासी देवेन्द्र सिंह की हत्या के आरोप में उसे दोषी करार दिया है और आजीवन कारावास की सजा सुनायी है। वह तभी से फरार चल रहा था। अभियुक्त पर उप्र के रामपुर स्थित स्वार में भी हत्या का एक मामला दज्र है। इसके अलावा पांच मामले सितारगंज थाना में दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार अभियुक्त हत्या करने के बाद नेपाल भाग गया था और तब से वहीं रह रहा था। इन दिनों वह अपने परिवार को मिलने के लिये सितारगंज के बघौरी गांव आया था। पुलिस की अभियुक्त पर कड़ी नजर थी और कल अपने घर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस अभियुक्त को अदालत में पेश करने की तैयारी में जुटी है।

उल्लेखनीय है कि एसएसपी कुंवर ने सभी हिस्ट्रीशीटरों को आत्मसम्पर्ण करने की अंतिम चेतावनी दी थी। उन्होंने घोषणा की थी कि पुलिस अपराधियों को नही बख्शेगी और जनहित में सभी कदम उठायेगी। उन्होंने साफ-साफ कहा कि शातिर अपराधियों का एनकाउंटर भी करना पड़े तो वह जनहित में ऐसा करने को तैयार हैं। इस गिरफ्तारी को उसी कड़ी में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button