दिल्ली

दिल्ली में 8 अप्रैल को IPL मैच के दौरान इन मार्गों पर जानें से बचें, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के तहत दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच आज यानी बुधवार को होने वाले डे-नाइट मुकाबले को लेकर राजधानी में विशेष ट्रैफिक इंतजाम किए गए हैं। यह मैच अरुण जेटली स्टेडियम (फिरोज शाह कोटला ग्राउंड) में शाम सात बजे से रात 10:30 बजे तक खेला जाएगा। मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक स्टेडियम के आसपास कई मार्गों पर डायवर्जन और पाबंदियां लागू करने का निर्णय लिया है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर जरूरत के अनुसार यातायात रोका या डायवर्ट किया जा सकता है। दरियागंज से बहादुरशाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके अलावा, राजघाट से दिल्ली गेट तक जेएलएन मार्ग, तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक बहादुरशाह जफर मार्ग (दोनों कैरिजवे) पर भी यातायात प्रभावित रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि वे इन मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।

स्टेडियम में यहां से करें प्रवेश
स्टेडियम में प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। गेट नंबर एक से आठ तक की एंट्री बहादुरशाह जफर मार्ग से, जबकि गेट नंबर 10 से 15 तक की एंट्री जेएलएन मार्ग (अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल के पास) से होगी। गेट नंबर 16 से 18 तक के लिए भी बहादुरशाह जफर मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा।

यहां रहेगी पार्किंग व्यवस्था
पार्किंग व्यवस्था के तहत आम दर्शकों के लिए स्टेडियम के पास पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। केवल वैध पार्किंग लेबल वाली गाड़ियों को ही निर्धारित स्थानों जैसे जेपी पार्क, विक्रम नगर पार्किंग और प्रयास कार्यालय के पास में पार्किंग की अनुमति होगी। बिना लेबल वाले वाहनों को स्टेडियम क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

दर्शकों की सुविधा के लिए माता सुंदरी रोड, राजघाट और वेलोड्रोम रोड समेत कई स्थानों पर ‘पार्क एंड राइड’ सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां से बसें मैच शुरू होने से दो घंटे पहले और समाप्ति के एक घंटे बाद तक संचालित होंगी।

इसके अलावा, ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के लिए मौलाना आजाद मेडिकल कालेज गेट नंबर-2, राजघाट चौक और आइटीओ से दिल्ली गेट के बीच सर्विस लेन को पिक-अप और ड्राप प्वाइंट बनाया गया है।

Related Articles

Back to top button