व्यापार

टैरिफ कटौती की घोषणा के बाद निवेशकों का सकारात्मक रूख, शेयर बाजार में दिखी तेजी

नई दिल्ली : सोमवार रात को डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “ट्रूथ” पर जानकारी देते हुए घोषणा की कि भारत (India) पर लगाए गए टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत किया जा रहा है। साथ ही, 25 प्रतिशत के रेसीप्रोकल टैरिफ को हटाने का भी फैसला लिया गया है। इस अहम घोषणा का घरेलू शेयर बाजार पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है, क्योंकि लंबे समय से इस डील के फाइनल होने का इंतजार किया जा रहा था। टैरिफ कटौती की घोषणा से पहले बढ़ती देरी के कारण शेयर बाजार के सेंटीमेंट्स में गिरावट आई थी।

पिछले साल विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय बाजार से 18 बिलियन डॉलर की बिकवाली की थी, और इस साल जनवरी में भी इनकी ओर से बिकवाली जारी रही थी। हालांकि, अब टैरिफ कटौती के फैसले के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि FII का रुख फिर से सकारात्मक हो सकता है। यदि ऐसा हुआ, तो एक बार फिर से घरेलू शेयर बाजार में FII की खरीदारी देखने को मिल सकती है, जो बाजार को और मजबूत बना सकती है।

सोमवार को शेयर बाजार में एक उत्साहजनक रुझान देखा गया। तेल, गैस, बैंक और वाहन कंपनियों के शेयरों में मजबूती आई, जिसके चलते बीएसई सेंसेक्स में 943 अंक की बढ़त आई। सेंसेक्स 81,666.46 अंक पर बंद हुआ, जो 1.17 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। वहीं, एनएसई निफ्टी में भी 263 अंक की तेजी दर्ज की गई। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,009.31 अंक चढ़कर 81,732.25 अंक के उच्चतम स्तर पर भी पहुंचा था।

Related Articles

Back to top button